फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एबीवीपी सचिव रॉकी हत्याकांड: कॉलेज में हुई छेड़छाड़ के विरोध करने पर की थी रॉकी की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
एबीवीपी सचिव रॉकी हत्याकांड : कॉलेज में छेड़छाड़ का विरोध करने पर की गई रॉकी की हत्या
विज्ञापन

विद्यार्थियों और कॉलोनीवासियों ने लगाया जाम, आधा घंटे का समय देकर छह घंटे बाद पहुंचे एसपी से हाथापाई

- रॉकी का शव लेकर मंत्री व डीसी आवास घेरने जा रहे लोगों पर छोटूराम चौक पर पुलिस ने भांजी लाठियां
- पहले हिंदू कॉलेज के बाहर फिर भिवानी चुंगी पर रॉकी का शव रखकर लगाया जाम
- पुलिस ने छोटूराम चौक पर पीड़ित पक्ष पर लाठीचार्ज करके पाया स्थिति की काबू
- रॉकी को 15 जनवरी को ही बनाया गया था अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सचिव

अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
शेर विहार कॉलोनी में हुई रॉकी की हत्यारों को पकड़ने और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शनिवार सुबह एबीवीपी के नेतृत्व में विद्यार्थियों व कॉलोनीवासियों ने हिंदू कॉलेज के बाहर जाम लगा दिया। आधे घंटे का समय देकर चार घंटे तक तक भी जब एसपी पंकज नैन पीड़ित पक्ष से मिलने नहीं पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने रॉकी का शव भिवानी चुंगी पर रखकर सारे रास्ते बंद कर दिये। यहां भी कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा। तब पीड़ित पक्ष के सैकड़ों लोगों ने शव लेकर सहकारिता मंत्री और डीसी आवास की तरफ कूच किया। तब एसपी छह घंटे बाद वाल्मीकि चौक पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया। यहां पर गुस्साए लोगों ने एसपी के साथ जमकर हाथापाई की। लोगों ने एसपी को पीछे धकेल दिया। सुरक्षा कर्मियों ने जैसे-तैसे करके भीड़ से एसपी को बचाया। इसके बाद पुलिस ने छोटूराम चौक पर पहुुंचे पीड़ित पक्ष को लाठियां भांजकर रोका। एसपी पंकज, नैन, एडीसी अजय कुमार और एसडीएम अरविंद मल्हान के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासी शव को दाह संस्कार के लिए लेकर गये।

हिंदू कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सचिव रॉकी की शुक्रवार रात को शेर विहार कॉलोनी में चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने रात को ही नामजद एक आरोपी को हिरासत में ले लिया था जबकि मुख्य आरोपी शशि सहित अन्य फरार हो गये थे। जैसे ही वारदात के बारे में सुबह हिंदु कॉलेज के विद्यार्थियों को पता चला तो उन्होंने फरार आरोपियों को पकड़ने सहित अन्य मांगों को लेकर कॉलेज के बाहर 9 बजे भिवानी रोड पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


कुछ ही देर में मृतक रॉकी के परिजन व कॉलोनी वासी भी धरनास्थल पर आ गये। सभी लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग कर रही थे। मामला बढ़ता देख तीन थानों के प्रभारी सहित डीएसपी पृथ्वी सिंह मौके पर पहुंचे। लेकिन विद्यार्थी एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे। दोपहर 1 बजे तक भी एसपी उनसे मिलने नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजन रॉकी का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसका शव लेकर भिवानी चुंगी पर पहुंचे और जाम लगा दिया। कॉलेज के सामने से उठकर सारे विद्यार्थी भिवानी चुंगी पर पहुंच गये और चारों तरफ से रास्ते बंद कर दिये।

यहां पर अधिकारियों ने कई बार पीड़ित पक्ष को समझाने का प्रयास किया लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। एसपी के नहीं पहुंचने पर लोग शव को लेकर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर व डीसी आवास घेरने के लिए चल दिये। लोगों के आने की सूचना एसपी को मिली तो वह आनन फानन में जाम लगने के छह घंटे बाद 3 बजे वाल्मीकि चौक पर पहुंचे और लोगों को रोकने का प्रयास किया। इससे गुस्साए लोगों ने एसपी को घेर लिया और पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाकर चौक पर ही हंगामा कर दिया।

इस दौरान लोगों ने एसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई कर उन्हें पीछे धकेल दिया। स्थिति तनावपूर्ण होता देख अन्य पुलिस अधिकारियों ने जैसे तैसे करके एसपी को भीड़ के बीच में से निकाला। इतना ही नहीं लोगों ने वाल्मीकि चौक पर ही डीएसपी पृथ्वी सिंह को गोद में उठाकर उनका भी मजाक बनाया।

छोटूराम चौक पर पुलिस और पीड़ित पक्ष की भिड़ंत, भांजी लाठियां
इसी बीच एसपी के आदेश पर शहर के सभी थानों व विशेष टीम के प्रभारी सहित राइडर, पीसीआर और रिजर्व पुलिस बल को छोटूराम चौक पर तैनात कर दिया गया। ताकि लोगों को आगे न बढ़ने दिया जाए। जैसे ही लोग शव लेकर छोटू राम चौक पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, मगर वह नाका तोड़कर आगे जाने का प्रयास करने लगे। यहां भी एसपी ने कई बार उन्हें समझाया लेकिन कोई उनके सुनने को तैयार नहीं था। वह पुलिस के साथ हाथापाई करने लगे। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने पीड़ित पक्ष लाठियां भांजी। इस दौरान कुलताना के पूर्व सरपंच बलराज नांदल व एक छात्रा सहित चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। साढ़े तीन बजे एसडीएम भी मौके पर पहुंच गये। यहां पर क्षेत्रवासियों ने अपनी मांगों के बारे में दोनों अधिकारियों को बताया। एसपी ने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। इसके अलावा एडीसी व एसडीएम ने आश्वासन दिया कि पीड़ित पक्ष की जो भी मांग पूरा करना उनके क्षेत्राधिकार में है। वह उसे पूरी करवाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद लोग शांत हो गये और रॉकी के शव को दाह संस्कार के लिए लेकर चले गये।

तीन दिन पहले कॉलेज में हुई थी छेड़छाड़, विरोध करने पर की रॉकी की हत्या
पूरा विवाद वीरवार को हिंदू कॉलेज से शुरू हुआ था। एबीवीपी के अध्यक्ष हिमांशु राठी ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपी शशि, अमित बल्हारा सहित करीब 15 लोग वीरवार को शराब पीकर कॉलेज के अंदर घुस गये थे। यहां पर आरोपियों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। जब छात्रा ने विरोध किया तो वह आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गये थे। शुक्रवार सुबह आरोपी शशि अपने एक अन्य दोस्त के साथ फिर से कॉलेज में आ गया। इस पर रॉकी ने दोनों को दबोच लिया और प्रिंसिपल के कमरे में ले गये। यहां पर जैसे तैसे करके मामला खत्म हो गया था। कॉलेज से बाहर आते ही आरोपी शशि ने अपने दोस्तों के साथ रॉकी की हत्या का प्लान बनाया। देर रात मौका मिलते ही आरोपी ने रॉकी की हत्या कर दी।

जबरन करवाई दुकानें बंद, वाहन चालकों को पीटा
रोड जाम करने वाले कुछ विद्यार्थियों की वजह से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी। पहले तो कुछ विद्यार्थियों ने भिवानी चुंगी पर दुकानदारों को भय दिखाकर दुकानें बंद करवा दी। इसके बाद जब वह शव लेकर शहर में घुसे तो रास्ते में दुकानदारों को दुकानें बंद करने की धमकी दी। डर के कारण दुकानदारों ने अपना सामान अंदर रख दिया। इतना ही नहीं कई वाहन चालकों को भी पीटा गया।

नहीं चली क्लास, कॉलेज प्रशासन भी जाम में रहा शामिल
रॉकी की हत्या के विरोध में हिंदू कॉलेज में शनिवार को क्लास नहीं लगाई गई। विद्यार्थियों के अलावा कॉलेज का पूरा स्टाफ भी जाम में शामिल रहा। शिक्षिकाएं छात्राओं के साथ रोड पर बैठ गई। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर विजय कुमार ने बताया कि रॉकी कॉलेज का अच्छा छात्र था। एक साल में उसकी कोई भी शिकायत सामने नहीं आई। न ही उसने किसी से कोई बदसलूकी की।

यूं चला घटनाक्रम
सुबह 9 बजे- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले विद्यार्थियों ने हत्या से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर हिंदू कॉलेज के बाहर जाम लगा दिया।
10. 30 बजे- जाम लगाने की सूचना पर रॉकी की कॉलोनी की महिला सहित अन्य लोग धरनास्थल पर पहुंच गये।
11 बजे- जाम खुलवाने को लेकर डीएसपी पृथ्वी सिंह सहित शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी उमेद सिंह, शहर थाना प्रभारी जगबीर सिंह और पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी राजेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे।
दोपहर 12 बजे- इनसो के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देशवाल धरने पर बैठे विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे और मांगपत्र बनवाया।
1 बजे- पोस्टमार्टम के बाद परिजन रॉकी का शव लेकर भिवानी चुंगी पर पहुंचे। इसके बाद सभी लोग हिंदू कॉलेज के सामने उसे उठकर भिवानी चुंगी पर पहुंचे और जाम लगा दिया। यहां पर रोड को चारों तरफ से बंद कर दिया गया।
विज्ञापन

2.15 बजे- भिवानी चुंगी पर दुकानदारों ने हालात बिगड़ते देख दुकानें बंद कर दी। एटीएम केबिन भी बंद कर दिये गये।
2.47 बजे- लोग रॉकी का शव उठाकर डीसी व एसपी आवास की तरफ चल पड़े।
शाम 3 बजे- एसपी पंकज नैन काफिले के साथ वाल्मीकि चौक पर पहुंचे और लोगों को रोकने का प्रयास किया। यहां पर गुस्साए लोगों ने एसपी से धक्का मुक्की की।
3.15 बजे- लोग ने काफी देर तक चौक पर हंगामा किया और शव लेकर आगे बढ़ गये।
3.30 बजे- शव लेकर छोटूराम चौक पर पहुंचे और पुलिस के साथ हुई भिड़ंत। यहां पर पुलिस को स्थिति काबू करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। एक छात्रा सहित चार लोगों को हिरासत में लिया।
3. 50 बजे- पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह कंट्रोल कर लिया और पीड़ित पक्ष की बात सुनी।
4. 15 बजे- एसडीएम और एसपी के आश्वासन के बाद परिजन शव को दाह संस्कार के लिए लेकर चले गये।

ये थी पीड़ित पक्ष की मांग
- रॉकी की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
- मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
- हिंदू कॉलेज के अंदर छात्राओें की सुरक्षा को लेकर पीसीआर तैनात की जाए।
- भिवानी चुंगी चौक का नाम शहीद रॉकी चौक रखा जाए।
- मृतक के परिवार और शिकायत करने वाली छात्रा को सुरक्षा दी जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें