रोहतक। कैंसर पीड़ितों का बीमा कराने के बाद मौत होने पर सड़क दुघर्टना दिखाकर क्लेम के करोड़ों रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस की पूछताछ में कई अन्य खुलासे हुए हैं। सरगना पवन के रोहतक में तैनात रिश्तेदार हवलदार ने भी पीड़ित की सड़क हादसे में मौत दिखाकर लाखों रुपये हड़पे थे। यही नहीं कई बार गिरोह के गुर्गे निडिल से खुद के शरीर से खून निकालकर सड़क हादसे के दौरान मृतक के शरीर पर डालते थे। इसके बदले तीन से चार हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाते थे। पुलिस ने कई निडिल भी गिरोह के गुर्गों के यहां से बरामद की हैं।
एसटीएफ गिरोह के सरगना पवन को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने बारौटा पुलिस चौकी के हवलदार अशोक को भी जांच अधिकारियों से सड़क हादसे की सेटिंग कराने के मामले में गिरफ्तार किया था। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार पवन रिश्तेदार हवलदार के माध्यम से भी सेटिंग करवाता था। उसने भी कई मामलों में कैंसर पीड़ित की सड़क हादसे में मौत दिखाकर लाखों रुपये हड़पे थे। रोहतक में तैनात हवलदार की तलाश में एसटीएफ ने रोहतक की खाक छानी पर सफलता हाथ नहीं लग सकी।
सीएम राहत कोष से भी कैंसर मरीज के नाम पर लिए थे रुपये
कैंसर पीड़ित के परिजनों द्वारा मरीज के उपचार के नाम पर प्रशासन से आर्थिक मदद लेने के मामले में एसटीएफ ने सभी जिलों के डीसी को पत्र भेजा था। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार करनाल के डीसी की ओर से रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। इसमें करनाल के एक कैंसर पीड़ित ने सीएम राहत कोष से उपचार के नाम पर 35 हजार रुपये की राशि ली थी।
गिरोह के फरार चल रहे गुर्गों की तलाश में दबिश दी जा रही है। रोहतक के एक और हवलदार की भूमिका सामने आई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-शमशेर सिंह, डीएसपी, एसटीएफ