बदायूं। जिले में तीसरे चरण का चुनाव क्या निपटा कि फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डाले जाने के मामले बढ़ गए। एक दिन पहले धोबी समाज के लिए आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई थी। उस पर कोई कार्रवाई होती, उससे पहले सोमवार को मौर्य समाज के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट डालने का मामला सामने आ गया। पोस्ट डालने वाले ने डीएम को भी नहीं बख्शा, मुर्दाबाद के नारे लिखकर शहर का माहौल गर्मा दिया है। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा आलमशाह पक्का बाग निवासी सचिन मौर्य पुत्र अनिल कुमार मौर्य ने सोमवार को एसएसपी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि 26 अप्रैल को वीरेंद्र जाटव उर्फ वीटू नाम से फेसबुक आईडी से समस्त मौर्य जाति को अपमानित करते हुए फेसबुक पर पोस्ट डाली गई। इससे मौर्य समाज काफी आहत हुआ है। सचिन ने एसएसपी को कुछ स्क्रीन शॉट भी उपलब्ध कराए। एक पोस्ट में डीएम का पुतला फूंकने के लिए भी उकसाया गया है। शिकायत पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
वीटू नाम की फेसबुक आईडी पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की गई है। शिकायत आई है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उसके बाद ही आगे की कोई कार्रवाई की जाएगी।
-ओमकार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली