रोहतक। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिलेभर के विभिन्न स्थानों पर 21 नाकों पर पुलिस अलर्ट है। दूसरी ओर सोनीपत रोड पर लगाए गए पुलिस नाके से मात्र 400 कदम की दूरी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कैशियर से एक लाख 27 हजार की नकदी लूट ली और फरार हो गए। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है, पुलिस जांच में जुटी है। वहीं, एसपी ने सीआईए की तीनों टीमों को जांच में लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार शहर की झंग कॉलोनी का रहने वाला जय प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों से कैश एकत्रित करता है। बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे वह झज्जर से आया था। इसके बाद ऑटो में सवार होकर रोहतक के शीला बाईपास के पास रेलवे फाटक के पास पहुंचा। इसके बाद वह पैदल ही घर के लिए जा रहा था। बताया कि इसी बीच पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर कैशियर के हाथ से थैला छीन लिया। आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए बदमाश फरार हो गए। शोर शराबा होने पर लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बता दें कि वारदात पुलिस नाके से मात्र 400 मीटर की दूरी पर हुई, इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में 15 मिनट का समय लग गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
कैशियर से लूट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों के सीसीटीवी में भी कैद होने की आशंका है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-नरेश कुमार, एसएचओ, थाना सिविल लाइन
शहर में नहीं रुक पा रहीं लूट की वारदात
रोहतक। भले ही पुलिस लूटपाट करने वाले बदमाशों के गिरोह को पकड़ने का दावा कर रही हो। इसके बावजूद लूटपाट की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इसको लेकर लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
फ्लैश बैक में जाएं तो आठ दिन पहले ही सेक्टर दो और एक की मार्केट में चार महिलाओं से स्नैचिंग की गई थी। इसके बाद बाइक सवारों ने शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र में लगातार दो लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, इन वारदात के बाद पुलिस ने जिले के विभिन्न स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया था। मगर इसके बाद भी शहर में लूट की वारदात नहीं रुक पा रही हैं। बुधवार रात एचआईडीसी चौक पर फैक्टरी में काम करने वाले युवक से बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर 6500 रुपये लूट लिए। इसके बाद कुताना रोड डबल फाटक के पास कृषि विभाग के कर्मचारी से लूट का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर बर्फ तोड़ने वाले सुएं से हमला कर दिया था। वहीं एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि लूट करने वाले गिरोह का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। पुलिस के अलावा सीआईए की तीनों टीमों को लगाया गया है।