अमर उजाला असर
जाम लगाने वाले ऑटो चालकों की खैर नहीं
-एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को दिए अवैध रुप से दौड़ रहे ऑटो पर शिकंजा कसने के निर्देश
- बोले- लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। अवैध रुप से दौड़ रहे ऑटो पर शिकंजा कसने के निर्देश एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को दिए हैं। इनका ब्योरा तैयार करके ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अमर उजाला ने अवैध रुप से दौड़ रहे ऑटो के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। अभियान के माध्यम से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ऑटो द्वारा लगाए जा रहे जाम की परेशानी से अवगत कराया जा रहा है। लोगों ने भी अवैध रुप से दौड़ रहे ऑटो पर शिकंजा कसने की मांग विभागीय अधिकारियों से की थी।
एसपी जशनदीप सिहं रंधावा ने बताया कि अवैध रुप से जिले की सड़कों पर दौड़ रहे ऑटो पर शिकंजा कसने के निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिए हैं। अवैध ऑटो की सूची तैयार कराई जा रही है। प्रतिदिन अवैध रुप से दौड़ रहे ऑटो पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जाएगा। ट्रैफिक इंचार्ज को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया है। इसके अलावा डीएसपी स्तर के अधिकारी भी ऑटो के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का जायजा लेंगे। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही की जाएगी।
---