अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार शहर की मेटल फैक्ट्री में काम करने वाला सुनील सुबह ड्यूटी पर जा रहा है। इस दौरान बाइक सवार सुनील को डंपर ने टक्कर मार दी। घायल सुनील को एंबुलेंस की मदद से शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। यह पहली घटना नहीं है जब शहर में डंपर चालक ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया हो। इससे पहले भी बेलगाम दौड़ते डंपर कभी रोडवेज बस डिपो, बस स्टैंड एवं नाईवाली चौक पर घर में घुस चुके हैं।
दो बाइक भिड़ीं, इकलौते बेटे की मौत, छह महीने पहले हुई थी शादी
दूसरी घटना में गांव मारपुर के पास दो बाइक की जोरदार भिड़ंत में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गांव बुड़ाना निवासी रोहित भतीजे को दवाई दिलाने के लिए बुधवार सुबह मीरपुर गया था। मीरपुर से वापस लौटते समय सामने से आ रही बाइक से रोहित की बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में रोहित के सिर में हैंडल लगने से वह बुरी तरह से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में भतीजे को भी चोट आई है।
हादसे में जान गंवाने वाला रोहित इकलौता बेटा था और इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय से ही वह बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। छह महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, लेकिन हादसे के चलते जहां एक मां से उसका इकलौता बेटा छिन गया। वहीं एक पत्नी का सुहाग भी हादसे ने लील लिया। इधर मामले की जांच कर रहे सदर थाना आईओ एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि हादसा बेहद दर्दनाक था। दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
टायर फटने से पलटी कार, युवक की मौत
शहर के आईओसी चौक पर शहर की तरफ आर रही एक आई 20 कार का अगला टायर फटने से पलट गई। हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। थाना मॉडल टाऊन पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गुजरीवास निवासी आकाश परिचित के साथ कार में सवार होकर गांव सैदपुर से रेवाड़ी आ रहा था। शहर के आईओसी चौक पहुंचने पर कार का अगला टायर फट गया। जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़कर वह पलट गई। गाड़ी पलटने से कार सवार आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को शहर के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया। लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।