बाइक सवार तीन बदमाशों ने असम के मजदूर से मोबाइल और कैश छीना
ड्रेन नंबर आठ के पास हुई वारदात, शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ड्रेन नंबर आठ के पास से गुजर रहे असम के दो मजदूरों से कैश और उसका मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गये। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में असम के नगाई जिला स्थित गांव चलत निवासी मफदूल ने बताया कि वह रोहतक में मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। फिलहाल परिवार के साथ झुग्गी में रहता है। उसने बताया कि वह 14 अप्रैल को अपने साथी सनबर के साथ पैदल सब्जी मंडी से झुग्गी की तरफ आ रहा था। जब वह ड्रेन नंबर आठ के पास नाले पर पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर तीन युवक आये। तीनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मफदूल से उसका मोबाइल, 10 हजार रुपये और उसके साथी का मोबाइल व 9 हजार रुपये छीन लिये। विरोध करने पर आरोपियों ने मजदूरों की जमकर पिटाई की। फिर बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गये। बाद में मजदूरों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।