रोहतक पुलिस ने व्यापारी से लूट करने वाले आरोपी का पीछा कर यूपी के शामली से दबोचा
- आरोपी अपने दोस्तों के साथ यूपी के शामिल से होता हुआ हरिद्वार जा रहा था
- आरोपी ने आठ मार्च को अपने साथियों के साथ रेलवे रोड पर कुकर व्यापारी से की थी लूट
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रेलवे रोड पर कुकर व्यापारी से लूटपाट करने वाले आरोपी का पीछा कर रोहतक पुलिस ने उसे यूपी के शामिल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार जा रहा था। पुलिस ने उसके दोस्तों को भी हिरासत में लिया है। मामले में पकड़ गया आरोपी सुनारिया निवासी अजय स्नेचिंग की एक दर्जन से ज्यादा वारदात में शामिल रहा है। पुलिस रविवार देर रात उसे रोहतक लेकर पहुंची। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
जनता कॉलोनी निवासी दीपक मित्तल कुकर व्यापारी है। वह आठ अप्रैल की रात करीब साढ़े बारह बजे दिल्ली से रोहतक रेलवे स्टेशन पर आया था। रेलवे स्टेशन से दीपक पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था। जब वह वैश्य कॉलेज रोड पर पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आये। एक युवक ने बाइक से उतरकर दीपक के पेट पर चाकू अड़ा दिया। इसके बाद दीपक की पिटाई करने लगे। पिटाई करने के बाद आरोपियों ने दीपक से पांच हजार रुपये, मोबाइल सहित अन्य दस्तावेज लूट लिये। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गये थे। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।
मामले की जांच करते हुए जनता कॉलोनी चौकी इंचार्ज एएसआई जरनैल सिंह को सूचना मिली कि वारदात में शामिल अजय नाम का आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार जा रहा है। इस पर चौकी इंचार्ज ने टीम सहित आरोपी की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। यूपी के शामली में पहुंचने के बाद आरोपियों को पुलिस के आने की भनक लग गई। इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। जब आरोपी शामली के झिंझाना थाना के बिड़ौली क्षेत्र में घुसे तो पुलिस ने घेराबंदी कर ली। इसके बाद अजय को उसके दोस्तों के साथ दबोच लिया। सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद शामली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अजय के अलावा सूरज व गगन नाम के युवक को भी हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है आरोपी अजय शहर में स्नेचिंग की कई वारदात में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने आरोपी से शिवाजी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार से लूट के मामले में भी पूछताछ की है। सब्जी मंडी के व्यापारी सुरेंद्र पांच अप्रैल की तड़के करीब चार बजे मंडी में काम खत्म करने के बाद पैदल घर की तरफ आ रहे थे। वह झज्जर चुंगी से सुनारिया चौक की तरफ रोड पर जा रहे थे। जब वह मोहन छोले-भठूरे वाले की दुकान के सामने पहुंचे तो काली पल्सर बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और सुरेंद्र को रोक लिया। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने बाइक से उतरकर सुरेंद्र के पेट पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी दी। फिर आरोपी ने सुरेंद्र की जेब से चार हजार रुपये और उसका मोबाइल छीन लिये थे। इस वारदात में भी अजय का नाम सामने आया था।
वर्जन
आरोपी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार भागने की फिराक में था। उसकी घेराबंदी करके शामली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कुकर व्यापारी सहित अन्य जगह स्नेचिंग की है। आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।
एएसआई जरनैल सिंह, इंचार्ज जनता कॉलोनी पुलिस चौकी