बैंक अधिकारी बन महिला के क्रेेडिट कार्ड की डिटेल लेकर ठगी
- आरोपी महिला ने खाते से निकाले 20 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एक महिला ने बैंक अधिकारी बनकर महिला ग्राहक से उसके क्रेडिट कार्ड की डिटेल लेकर खाते से हजारों रुपये निकाल लिये। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने करीब एक महीने बाद केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में किला मोहल्ला निवासी महिला अनु मुंजाल ने बताया कि वह 16 नवंबर को अपने घर पर मौजूद थी। तभी एक महिला ने उनके मोबाइल पर बैंक अधिकारी बनकर फोन किया। आरोपी महिला ने अनु से कहा कि वह बैंक की क्रेडिट कार्ड शाखा से बोल रही है। अनु को करीब दस दिन पहले ही क्रेडिट कार्ड मिला था। आरोपी महिला ने कहा कि अनु से कहा कि क्रेडिट कार्ड चालू करवाने के लिए कुछ डिटेल देनी होगी। इस पर अनु ने हामी भर ली। आरोपी महिला ने कहा कि कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड आएगा। उसके बारे में बताना है। जैसे ही अनु के मोबाइल पर ओटीपी आया तो उसने आरोपी महिला को बता दिया। इसके बाद आरोपी महिला ने उनके खाते से बीस हजार रुपये निकाल लिये। मोबाइल पर निकासी का मैसेज आने के बाद अनु ने संबंधित बैंक और पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।