पीड़िता ने चेन की कीमत बताई एक लाख, पुलिस ने लिखी 15 हजार
- एसपी ने बैठक लेकर भी पुलिसकर्मियों को दिए खुलासे के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पुलिस का भी जवाब नहीं है। कब, क्या गुल खिला दे कुछ नहीं कहा जा सकता है। चेन लूट के मामले में पीड़िता ने चेन की कीमत करीब एक लाख बताई, जबकि पुलिस ने 15 हजार दर्शायी। एसपी से पीड़िता व अन्य लोगों ने मामले की शिकायत की है।
सेक्टर चार निवासी बैंक मैनेजर विजयपाल की पत्नी सुनीता के साथ भी बाइक सवार ने चेन लूट की थी तथा फरार हो गया था। घटना के विरोध में सेक्टर के लोग एकत्रित होकर एसपी कार्यालय पर पहुंचे। एसपी को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता ने कहा कि लूटी गई चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये थी मगर पुलिस ने जो रिपोर्ट दर्ज की है। उसमें चेन की कीमत करीब 15 हजार दर्शायी है। शिकायत में छेड़छाड़ करने वाले पुलिसक र्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। एसपी ने जल्द घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है। उधर एसपी ने पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर भी जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए
सीआईए ने छानी दिल्ली की खाक, कई को हिरासत में लिया
-शहर के चार स्थानों से चेन स्नैचिंग का मामला
पुलिस सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद आरोपी बाइक सवार को पकड़ने में नाकाम
- खुलासे की मांग को लेकर एसपी से मिले पीड़ित पक्ष के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
दो घंटे के अंदर चेन लूट की चार वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पकड़ने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। 24 घंटे बाद भी आरोपी को नहीं पकड़ा जा सका है। एसपी के निर्देश पर सीआईए-1 को मामले की जांच सौंपी गई है। सीआईए ने दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों की खाक छानी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
बुधवार को बाइक सवार एक लुटेरे ने दो घंटे के अंदर सेक्टर-1, सेक्टर-4, मॉडल टाउन, छोटूराम के निकट दो महिला व दो युवकों से चेन लूट ली थी। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया था। मगर घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है। बावजूद इसके पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। आरोपी को पकड़ना तो दूर उसका पता तक नहीं लगाया जा सका है।
देर शाम एसपी ने सीआईए 1 को मामले की जांच सौंप दी थी। इसके अलावा सिविल लाइन, अर्बन स्टेट व शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। सीआईए ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर सीआईए ने दिल्ली, रोहतक व कई स्थानों की खाक छानी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
उधर मामले के खुलासे की मांग को लेकर सेक्टर चार के लोग एसपी से मिले। पीड़िता सुनीता व अन्य ने कहा कि पुलिस खुलासे में लापरवाही कर रही है। जल्द से जल्द खुलासे की मांग की। एसपी ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।