अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम किलोई दो पान्ने में जमीन पर अवैध रूप से कब्जा हटवाने के लिए पहुंची। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में करीब 100 प्लाटों से कब्जा हटवाया गया। अब वीरवार को भी टीम गांव में जमीन को कब्जामुक्त करने के लिए पहुंचेगी। उधर, ग्रामीणों ने सरपंच और अन्य पर मिलीभगत से कब्जा करवाने का आरोप लगाया।
किलोई के दो नंबर पान्ने के रिटायर्ड सूबेदार राम किशन, नंबरदार कुलदीप, नवाब आदि ने गांव की जमीन पर सरपंच और अन्य ग्रामीणों पर अवैध रूप से कब्जे का आरोप लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। आरोप था कि गांव में 10 एकड़ से अधिक जमीन पर कब्जा किया हुआ है। कोर्ट ने प्रशासन को जमीन को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए थे। कोर्ट के निर्देश पर एसडीएम राकेश कुमार, तहसीलदार गुलाब सिंह, सदर थाना एसएचओ मंजीत मौर पुलिस फोर्स के साथ गांव में जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए पहुंचे। टीम को देखते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने भी पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर कब्जाई जमीन का चिह्निकरण कराया। तहसीलदार गुलाब सिंह ने बताया कि करीब 100 प्लाट कब्जामुक्त कराए गए हैं। वीरवार को फिर से टीम गांव में कब्जा हटवाने के लिए पहुंचेगी। यदि कोई हंगामा या फिर हाथापाई करता है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
वर्जन :
जमीन पर अवैध रूप से कब्जे का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। पिछले कई साल से ग्रामीण जमीन पर काबिज है। कई ग्रामीणों ने जमीन पर घर भी बनाए है। अब यदि जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाता है तो ग्रामीणों के पास रहने को जगह नहीं रहेगी। ग्रामीण जल्द हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटायेंगे।
- राकेश कुमार, सरपंच, किलोई पान्ना नंबर दो।
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच गांव से अवैध कब्जा हटवाया गया। ग्रामीणों ने भी इस बार सहयोग किया। वीरवार को फिर से कब्जा हटवाया जाएगा।
- मंजीत मौर, एसएचओ, थाना सदर।