अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। अस्थल बोहर स्टेशन के नजदीक क्रासिंग के गेट नंबर 51सी पर तैनात गेटमैन पर हुए हमले की जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। तीन अज्ञात लोगों को मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोपी बनाया है। जीआरपी का कहना है कि चाकू से नहीं बल्कि लोहे की पत्ती मारी गई थी।
गेट नंबर 51सी पर रोहताश पुत्र राम स्वरूप निवासी क्वार्टर नंबर 41टी रेलवे कॉलोनी में परिवार समेत रहते हैं। सोमवार की रात को वह ड्यूटी पर थे तभी बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और रेलवे फाटक बंद था। तभी फाटक खोलने को लेकर विवाद होने पर गेटमैन पर पत्ती से प्रहार कर दिया। सूचना पर अस्थल बोहर स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और घायल गेटमैन को पीजीआई उपचार के लिए भेजा। जीआरपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और किसी नुकीली लोहे की पत्ती से मारने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि जांच में पाया गया है कि आरोपियों ने रोहताश के चाकू नहीं मारा बल्कि वहां पड़ी कोई लोहे की पत्ती मारी थी, जिससे मामूली चोट लगी। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।