अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सिटी थाने के अंतर्गत रेलवे स्टेशन से करीब पौन किलोमीटर दूर पब्लिक गुड्स मोटर्स एसोसिएशन ट्रक यूनियन कार्यालय की दीवार के पास सोमवार रात्रि अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की पत्थर से आठ नौ बार चेहरे पर वारकर हत्या कर दी। बाद में पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ खोजी कुत्ता भी पहुंचा। पुलिस ने मृतक के कपड़ों के साथ-साथ हत्या में प्रयुक्त पत्थर को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि खोजी कुत्ते ने संकेत दिए हैं कि मृतक रेलवे स्टेशन स्थित पानी की टंकी के पास से घटना स्थल पर आया था।
ट्रक यूनियन कार्यालय में सुरक्षा गार्ड रामफल पुत्र गुनीया राम निवासी मोखरा हाल निवासी न्यू विजय नगर कॉलोनी ने बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे जब उसने कार्यालय का दरवाजा खोला तो वहां खून से लथपथ अर्द्ध नग्न शव पड़ा मिला। शव से बमुश्किल चार कदम की दूरी पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर पड़ा हुआ था, जो खून से सना था। उसने तुरंत मामले की जानकारी इंचार्ज दिलबाग सिंह को दी। दिलबाग सिंह ने बताया कि उसने सीधे एसपी को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद डीएसपी रोहताश, थाना प्रभारी, फोरेंसिक टीम व खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पाया कि मृतक के चेहरे पर गहरी रंजिश के चलते पत्थर से ताबड़तोड़ प्रहार किए गए हैं। प्रहार के दौरान मृतक ने अपने दोनों हाथ लगाकर बचने का प्रयास किया, जिससे उसके एक हाथ की हड्डी टूट गई मिली। पुलिस का मानना है कि मृतक को अर्द्धनग्न करके छोड़ना अवैध संबंधों की ओर इशारा करती है।
उन्होंने बताया कि खोजी कुत्ते की मदद से सबूत एकत्रित करने की कोशिश की गई। मृतक को सूंघने के बाद खोजी कुत्ता चंद कदम दूर झोपड़ी में कुछ सेकेंड के लिए रुक कर रेलवे स्टेशन की तरफ गया। वह रास्ते में दो स्थान पर भी कुछ देर के लिए रुका और फिर सीधे रेलवे स्टेशन पानी की टंकी के पास जाकर खड़ा हो गया। खोजी कुत्ता के रास्ते में रुकने और टंकी पर जाकर खड़े होने पर पुलिस का मानना है कि मृतक पानी की टंकी से मौका - ए- वारदात तक आया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्यारों ने जिस पत्थर से प्रहार करके हत्या की है, उसे कब्जा में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक रेलवे स्टेशन पानी की टंकी से आया अथवा लाया गया। मृतक के चेहरे पर पत्थर से आठ-नौ बार वार करने के निशान दिखाई दे रहे हैं। बाकी स्थिति पोस्टमार्टम से साफ होगी।
- जगबीर सिंह, एसएचओ थाना सिटी।