सांपला में बाइक सवार युवकों ने झोंका फायर, दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो
सांपला।
बेरी मोड़ के पास कार-बाइक डेकोरेशन की दुकान चला रहे युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने गोली चला दी और फरार हो गए। गोली उसके बायें हाथ से निकल गई। जबकि साथ में बैठे एक युवक के सीने में गोेली के छर्रे जा लगे। फायरिंग की आवाज से पास दुकानदारों में सनसनी फैल गई। घायलों को कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक युवक को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक नवदीप के ब्यान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नया बांस निवासी नवदीप पुत्र तीरथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने मेन रोड पर बेरी मोड़ के पास कार व बाइक डेकोरेशन की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे वह अपने ही गांव केदीपक की बाइक पर फिल्म लगा रहा था। तभी बाइक पर दो युवक आए और उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी दायीं बाजू से निकल गई। जबकि साथ में बैठे दीपक की छाते में भी गोली के छर्रे जा लगे।
घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश रोहतक की ओर फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने उन दोनों को उठा कर तुरंत सांपला के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जबकि दीपक को इलाज के बाद छुट्टी दे दी।
वारदात के 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक ने अभी तक किसी के साथ कोई रंजिश होने से इनकार किया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटना स्थल से पुलिस को एक गोली का खोल मिला है।
फोटो- घायल युवक दीपक छाती में लगी गोली के छुररे व घायल नवदीप की बाजू में लगी गोली