मंगेतर ने की टिप्पणी तो आईटीआई की छात्रा ने संस्थान की दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
- छात्रा के दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी में आया फ्रेेक्चर, टिप्पणी करने वाले युवक से चल रही थी रिश्ते की बात
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मंगेतर द्वारा की गई टिप्पणी से आहत होकर नई आईटीआई की एक छात्रा ने वीरवार सुबह को संस्थान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे छात्रा के दोनों पैर टूट गए और रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया।
फिलहाल छात्रा को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। छात्रा के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसके आधार पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने जींद के रहने वाले युवक केस दर्ज कर लिया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पीजीआई में पहुंचकर छात्रा के बयान दर्ज कर लिये है। इन बयानों में छात्रा ने मंगेतर पर आरोप लगाया है।
लाखनमाजरा थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा नई आईटीआई में पढ़ाई करती है। कुछ समय पहले छात्रा का रिश्ता जींद के एक युवक से हुआ था। अभी तक शादी की तारीख तय नहीं हुई थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे युवक आईटीआई के बाहर ही छात्रा से मिलने आ गया। दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई। इसी बीच युवक ने उस पर कोई टिप्पणी कर दी। इसके बाद संस्थान के बाहर ही दोनों के बीच जमकर बहस हुई। फिर छात्रा संस्थान के अंदर चली गई।
युवक की टिप्पणी से आहत होकर छात्रा संस्थान की दूसरी मंजिल पर गई और यहां से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से छात्रा के दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया। संस्थान में मौजूद स्टाफ ने ही छात्रा को पीजीआई में भर्ती कराया। फिर मामले की सूचना पुलिस और छात्रा के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन भी पीजीआई पहुंच गये। परिजनों ने मामले में कुछ भी बोलने से इनक ार कर दिया। पुलिस को छात्रा के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।