हादसे में ट्रक चालक की मौत, दो घायलों ने भी तोड़ा दम
- घायलों का अस्पतालों में चल रहा था इलाज, सांपला के निकट ट्रक व कार की भिड़ंत में पांच घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जींद चौक के पास ट्रैक्टर में अज्ञात वाहन ने जोरदार मार दी, जिससे ट्रैक्टर सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सांपला के पास ट्रक व कार की भिड़ंत में पांच घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन पूर्व लाखनमाजरा व जींद बाईपास के निकट सड़क हादसे में घायल दो लोगों ने भी दम तोड़ दिया। केस दर्ज कर लिया गया।
कलानौर निवासी राजेंद्र ट्रैक्टर में सवार होकर जींद से लौट रहा था। बताया गया कि जैसे ही ट्रैक्टर जींद चौक के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे राजेद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
इसके अलावा वसुंधरा कैफे के पास ट्रक व कार की भिड़ंत हो गई। जिससे कार में सवार रोहतक निवासी सनी, अमित, महेश समेत पांच घायल हो गए। घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा दो दिन पूर्व लाखनमाजरा के पैट्रोल पंप के पास ट्रक की टक्कर से घायल लजवाना कलां निवासी महाबीर ने वीरवार को उपचार के दौरान तोड़ दिया। दो दिन पूर्व ही जींद बाईपास पर केंटर व कंटेनर की टक्कर में घायल आंवल गांव निवासी राजेंद्र की मौत हो गई। मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।