रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 8 के स्थित बाबा भारती ढाबे के पास नहर में शनिवार को नहाने गए 10वीं कक्षा के पांच छात्रों में से एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव नहर से निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम सोमवार को होगा। पुलिस अभी छात्र की मौत नहर में डूबने से होना मान का जांच कर रही है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई तो इस एंगल पर भी जांच शुरू की गई। उधर, छात्र के साथी घर से गायब हो गए हैं।
गांव जाटूवास निवासी 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला साहिल शनिवार सुबह अपने चार दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर नहर में नहाने के लिए गया था। शनिवार देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो साहिल का कोई पता नहीं लगा। परिजनों ने उसके दोस्तों के घर जाकर पूछा तो पता चला कि दोस्त भी शाम को घर नहीं आए हैं। सभी के परिजन रात भर उनको ढूंढते रहे, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली। रविवार को चारों दोस्त घर पहुंचे तो एक ने कहा कि साहिल नहर में डूब गया है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर नहर से शव को बरामद किया।
नहाने से पहले सभी ने ढाबे पर खाया खाना
पुलिस ने जांच में पाया कि पांचों दोस्तों ने नहर के पास स्थित एक ढाबे पर पहले खाना खाया और इसके बाद नहाने लिए नहर में कूद गए। इसी दौरान साहिल नहर में डूब गया। मामले की जांच कर रहे आईओ परमिंद्र का कहना है कि साहिल को डूूबता देख डर कर सभी दोस्त मौके से फरार हो गए। डर के चलते ही चारों शनिवार की रात घर भी नहीं आए। सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या की आशंका समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।