रेवाड़ी। राजस्थान से नशीले पदार्थों की तस्करी की जानकारी पर सोमवार रात नौ बजे गढ़ी बोलनी रोड पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम को चरस तस्करों ने कार से रौंदने की कोशिश की। सुल्फा-गांजा की खेप लेकर आ रहे तस्करों ने कार से पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने साहस जुटाते हुए घेराबंदी कर कार को पकड़कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसमें सवार एक अन्य तस्कर भागने में कामयाब हो गया। कार से 9 किलो 100 ग्राम सुल्फा व 131 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पड़ोसी राज्य राजस्थान से जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी बढ़ रही है। नशे के कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह अब पुलिस पर भी हमलावर होने लगे हैं। ऐसी ही घटना सोमवार रात नौ गढ़ी बोलनी रोड कसौला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी के निकट पर हुई। पुलिस ने अलवर से नशीले पदार्थों की खेप आने की सूचना पर यहां चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान रोकने की कोशिश करने पर इधर से गुजरी कोरोला कार ने पुलिस टीम को रौंदने की कोशिश की। यही नहीं कार चालक ने पुलिस टीम की गाड़ी को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने हिम्मत जुटाकर उसे पकड़ लिया। कार चालक जिला समस्तीपुर के गांव किशनपुर निवासी सोनू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार में सवार उसका साथी भाग गया। पुलिस का दावा है कि उसका नाम पते की जानकारी कर ली गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अब नशीले पदार्थ खरीदने वालों की तलाश में पुलिस
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सोनू ने बताया कि यह नशीला पदार्थ अलवर (राजस्थान) से रेवाड़ी में सप्लाई करने के लिए लेकर आए थे। पुलिस आरोपी से नशीला पदार्थ सप्लाई करने वालों व शहर में नशा खरीदने वालों के बारे में भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। मंगलवार आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
चाय की दुकानों पर काला माल के नाम से बिकती है चरस
जिले में चरस-गांजा की तस्करी बढ़ रही है। मुख्य चौराहों और शहर के पनवाड़ियों के अलावा चाय की दुकानों पर भी काला माल के नाम से प्रचलित यह सामान आसानी से मिलता है। अगर पुलिस यहां शिकंजा कसे तो शायद तस्करी पर लगाम लग सकती है।