रोहतक। कभी टावर लगाने तो कभी ओएलएक्स पर वाहन बेचने के नाम पर ठगी के बाद अब शातिरों ने ठगी का नया तरीका निकाल लिया है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई और अन्य स्थानों पर पार्सल आने के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है। पुलिस से पीड़ित शिकायत कर रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस गिरोह का भंडाफोड़ करने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। इस तरह के मामलों की बानगी
केस नंबर-एक
1 जून को सोनीपत रोड की रहने वाली ऊषा ने पुलिस को बताया कि उसका आईसीआईसी बैंक में खाता है। 18 अप्रैल को मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली से बोल रहा है। उनका पार्सल आया है। पार्सल लेने के लिए 45 हजार रुपये बताए गए खाते में जमा कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने उक्त खाते में 45 हजार रुपये जमा करा दिए। आरोप है कि इसके बाद कहा गया है कि पार्सल में रुपये है। तुमने अपराध किया है। जल्दी से पचास हजार रुपये और डलवा दो वरना जेल के अंदर डाल दिया जाएगा। जिस पर पचास हजार रुपये और डलवा दिए। इसके बाद ठगी का पता लगा। पुलिस को मामले की शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केस नंबर-दो
गोहाना रोड पर रहने वाले मनीष ने 10 मई को पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह प्राइवेट नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बताया कि 6 मई को उसके नंबर पर अनजान नंबर से कॉल आई। सामने वाले ने कहा कि वह दिल्ली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बोल रहा है। उसका पार्सल आया है। इसमें करीब पांच लाख रुपये हैं। रुपये लेने के लिए बताए गए खाते में पचास हजार रु पये जमा कराने का कहा। मना करने पर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
केस नंबर-तीन
सेक्टर दो की रहने वाली पूजा के पास 1 मई को मुंबई एयरपोर्ट के नाम से किसी ने कॉल की। कहा कि उसका पार्सल आया है। पार्सल लेने के नाम पर खाते में बीस हजार रुपये डलवाने को कहा। कहा गया कि उसके खाते में तीन लाख रुपये हैं। जो खाते में रुपये डलवाने के बाद ही मिल सकते हैं। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस की अपील
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल से सावधान रहना चाहिए। यदि कोई रुपये डलवाने या फिर धमकी देता है तो उसकी शिकायत संबंधित थाने पर करें। तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
-जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी