रोहतक। आईएमटी थाना क्षेत्र के रुड़की गांव स्थित हिंदुस्तान कंपनी के पेट्रोल पंप से सोमवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक में पेट्रोल डलवाने के बहाने सेल्समैन से एक लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर सेल्समैन को गोली मार दी। बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कार्यालय पर पहुंचकर एक अन्य कर्मचारी के साथ भी मारपीट की। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। वहीं गोली लगने से घायल हुए कर्मी को आनन-फानन में पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। पूरा मामला पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
लाखनमाजरा निवासी मंदीप कुमार रुड़की के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। सोमवार रात करीब नौ बजे वह पंप पर बैठा हुआ था। इसी बीच सीडी डिलक्स बाइक से दो युवक पहुंचे और मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालने की बात कही। जैसे ही वह पेट्रोल डालने के लिए बाइक के पास पहुंचा तो बाइक सवारों ने कहा कि आज तुझे पेट्रोल डालना सिखाते हैं। उसकी जेब से करीब दस हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर सेल्समैन को बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गोली मार दी। इसके बाद दोनों बदमाश पेट्रोल पंप के कार्यालय में पहुंचे और तोड़फोड़ की। यहां बैठे एक अन्य पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ मारपीट की। यहां से करीब 90 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
मामले की सूचना पाते ही एसएचओ आईएमटी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर छापामारी की। वहीं गोली लगने से घायल हुए सेल्समैन को पीजीआई में भर्ती कराया गया।
सेल्समैन से करीब एक लाख रुपये लूटने के बाद गोली मारी गई है। घायल का पीजीआई में उपचार चल रहा है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-प्रवीण कुमार, एसएचओ, थाना प्रभारी आईएमटी
पूर्व में भी रुड़की के पेट्रोल पंप पर की गई थी लूट
करीब चार माह पूर्व भी इसी पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लाखों की लूट की थी और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। पुलिस बदमाशों को अभी तक नहीं पकड़ सकी थी।
सीआईए 2 को भी सौंपी जांच
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि पुलिस के साथ-साथ सीआईए-2 को भी मामले की जांच सौंप दी गई है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।