अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। छेड़छाड़ करने पर महिला कर्मी ने एक निजी टेलीकॉम कंपनी के मैनेजर को थप्पड़ जड़ दिया। बात जब कंपनी के उच्च अधिकारियों को पता चली तो मैनेजर का तबादला कर दिया गया। जब दूसरे मैनेजर ने भी महिला कर्मी को प्रताड़ित करना शुरू किया तो कंपनी के अन्य कर्मचारी महिला कर्मी के समर्थन में आ गए और मंगलवार को धरने पर बैठ गए। बाद में मामला पुलिस तक पहुंच गया। महिला कर्मी ने दोनों मैनेजर के खिलाफ लिखित में छेड़छाड़ की शिकायत दी। देर रात तक इस मामले में समझौते के प्रयास होते रहे।
दरअसल, हुडा काम्प्लेक्स स्थित एक नामी टेलीकॉम कंपनी का ऑफिस है। यहां पर महिला कर्मचारी भी काम करती है। कुछ दिन पहले मैनेजर ने एक महिला कर्मचारी के साथ छेड़खानी कर दी थी। इस पर महिला कर्मी ने मैनेजर को ऑफिस में ही थप्पड़ जड़ दिया था। बाद में मामला कंपनी के उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया था। उच्च अधिकारियों ने पुलिस के झंझट से बचने के लिए मैनेजर का चंडीगढ़ ऑफिस में तबादला कर दिया था। फिर दूसरे मैनेजर को रोहतक ऑफिस में भेजा था। महिला कर्मी का कहना है कि वर्तमान मैनेजर ने भी आते ही उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार महिला कर्मी ने अनदेखा कर दिया, लेकिन उसकी हरकतों में सुधार नहीं आया। फिर महिला कर्मी के समर्थन में अन्य कर्मचारी भी आ गये। इस पर अधिकारियों ने महिला कर्मी सहित दो कर्मचारियों का दिल्ली तबादला कर दिया, लेकिन दोनों ने दिल्ली ऑफिस में ज्वाइन नहीं किया।
मंगलवार को महिला कर्मी सहित दोनों कर्मचारी ऑफिस में आये थे। यहां पर मैनेजर ने दोनों को ऑफिस से बाहर जाने के लिए बोल दिया। इस पर कर्मचारी बिफर गये। ऑफिस के अन्य कर्मचारी भी महिला क र्मी के समर्थन में आ गये। सभी ने मैनेजर पर पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए ऑफिस के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। करीब आधा घंटे तक ऑफिस के बाहर बैठने के बाद कर्मचारी आर्य नगर पुलिस चौकी में शिकायत देने पहुंच गये। यहां पर कर्मचारियों ने मैनेजर की करतूत पुलिस को बताई। बाद में महिला कर्मी ने पूर्व और वर्तमान मैनेजर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। हालांकि देर रात तक केस दर्ज नहीं किया गया। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही। महिला कर्मी का आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसका तबादला दिल्ली कर दिया गया। मामले में शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। इस कारण केस दर्ज नहीं किया गया है।