फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतक: हरियाणा स्वर्णकार संघ के उपप्रधान से देर रात 15 लाख की लूट, रास्ता रोक रुपयों से भरा बैग छीन ले गए बदमाश

Thu, 19 May 2022 02:30 AM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)

सार

रोहतक में छोटूराम चौक पर पहले स्कूटी सवार चार युवकों ने अनिल वर्मा का रास्ता रोका। फिर पास खड़ी कार से आए तीन लोगों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। 
विज्ञापन
छोटू राम चौक पर व्यापारी से लूट की घटना के बाद जानकारी लेती डीएसपी सुशीला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के रोहतक शहर के छोटूराम चौक पर बदमाश बुधवार रात सवा 11 बजे के करीब हरियाणा स्वर्णकार संघ के उपप्रधान अनिल वर्मा से 15 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। बदमाशों ने सराफ की पिटाई के बाद उनकी नई होंडा सिटी कार को पांच बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि वारदात के दौरान वहां पर पुलिस  मौजूद होने के बावजूद लुटेरे बच निकले। पुलिस देर रात तक मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। 

विज्ञापन


बहादुरगढ़ निवासी अनिल वर्मा का कहना है कि उसकी सुनारों वाली गली में ज्वेलरी की दुकान है। वह रात को दुकान बंद करने बाद इंदिरा कॉलोनी में अपने मौसा के घर गए थे। मकान के बयाने के उसके पास आठ लाख रुपये थे। इसके बाद मौसा से उन्होंने सात लाख रुपये लिए। कुल मिलाकर उसके बैग में 15 लाख रुपये थे। भिवानी स्टैंड की ओर से वह अपने दोस्त नरेंद्र के साथ अपनी नई होंडा सिटी कार में जा रहा था।

रास्ते में छोटूराम चौक पर एक स्कूटी पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने स्कूटी अड़ाकर रास्ता रोकने वालों को धमकाया तो पास खड़ी एक कार से तीन व्यक्ति और आ गए। सभी ने मिलकर उनको घेर लिया। सराफ के अनुसार लुटेरों ने उसको थप्पड़ मारे और एक ने नकदी वाला बैग छीन लिया।
विज्ञापन


बदमाशों ने पीछा करने से रोकने के लिए उसकी कार को पांच बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वे भाग गए। उस समय पुलिस की पीसीआर वहां मौजूद थी। पुलिस सबकुछ देखती रही और बदमाश वारदात को अंजाम देकर निकल गए। 

वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी सुशीला भी वारदात स्थल पर पहुंचीं और पीड़ित से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। देर रात तक केस दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। इस बारे में डीएसपी सुशीला ने कहा कि छोटूराम चौक पर एक घटना हुई है उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

15 लाख लूटकर बोले दस दिन में 20 लाख का कर लेना इंतजाम
बदमाश मुझे पीटते रहे और पुलिस चुपचाप खड़ी होकर सब देखती रही। मुझे एक दो नहीं, कई थप्पड़ मारे। एक ने मुझे पहले गले लगाया फिर धमकी देकर बोला, भाग जा ईब। अर, दस दिन में 20 लाख का इंतजाम और कर लिए। मैं हाथ जोड़ता रहा, मगर एक न सुनी। अब तो बदमाश रुपये ले गए हैं, दस दिन बाद वे फिर आएंगे। तब क्या होगा।

यह खौफ है लूट का शिकार हुए हरियाणा स्वर्णकार संघ के उपप्रधान अनिल वर्मा का। अमर उजाला से बातचीत में अपने साथ हुई वारदात का दर्द साझा करते हुए सराफ ने कहा कि पुलिस चुपचाप पास से निकल गई, मगर कार्रवाई नहीं की। पुलिस से कहा तो जवाब मिला कि उनके पास हथियार हैं। 

बहादुरगढ़ निवासी स्वर्णकार ने कहा कि मेरे साथ हुई घटना रात 11 बजे के बाद की है। इस दौरान पीसीआर गश्त पर थी। छोटूराम चौक व्यस्त जगह में से एक है। यहां सीसीटीवी भी लगे हैं। इनमें पुलिस मेरे साथ हो रही घटना चुपचाप देखते हुए साफ नजर आ सकती है। इनकी जांच कराई जाए।

पुलिस वाहन पास से निकल गया, मगर बदमाशों को पकड़ना तो दूर रोका-टोका तक नहीं। जबकि आर्य नगर थाना भी वारदात स्थल से करीब 500 मीटर दूर ही है। गनीमत रही वे सिर्फ रुपये ले गए। मुझे नुकसान पहुंचा सकते थे। यहीं नहीं, मेरी नई कार को टक्कर मार-मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पुलिस टीम मौके पर आई तो बदमाश जा चुके थे। 

रेकी करने का है अंदेशा 
सराफ से बुधवार देर रात हुई लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों द्वारा रेकी करने का अंदेशा है। बदमाशों को पहले से पता था कि स्वर्णकार के पास काफी बड़ी रकम है। शायद इसलिए रास्ता रोककर रुपये छीने और धमकी देकर भाग निकले। 

हर चौराहे पर पीसीआर फिर भी निकल गए बदमाश 
शहर में हर चौराहे पर पीसीआर तैनात है। मुख्य सड़क व चौराहों में छोटूराम चौक के अलावा, आंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड, सुभाष चौक, अशोका, डी पार्क, मेडिकल मोड़, पावर हाउस चौक, दिल्ली बाईपास मुख्य हैं। इन सभी जगह पीसीआर या तो गश्त पर रहती है या एक ओर खड़ी रहती है। इसके बावजूद बदमाशों का लूट की वारदात को अंजाम देकर साफ बच निकलना अपने आप में सवाल खड़े करते हैं। वारदात के बाद ये सभी प्वाइंट व पीसीआर अलर्ट पर रहे। संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। 
 

शहर के छोटूराम चौक पर एक घटना हुई है। पुलिस की प्रथम दृष्टि से मामला सड़क हादसे का नजर आ रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है। पीड़ित की शिकायत के आधार कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने पर ही कुछ कहा जा सकता है। -सुशीला, डीएसपी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें