गन्ने के खेत में ले जाकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास
यमुनानगर। जठलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने युवती को गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उससे मारपीट की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास व मारपीट के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव उन्हेड़ी निवासी 21 वर्षीय युवती ने जठलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह किसी काम से जा रही थी। इस दौरान जब वह गांव की सड़क से बस स्टॉप की तरफ जा रही थी तो रास्ते में गांव लापरा निवासी अमजद ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक इस दौरान उसे खींच कर सड़क किनारे गन्ने के खेत में ले गया। जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। उसके शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर वहां से फरार हो गया। उसने घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन उसे जठलाना पुलिस थाने ले गए। जहां उसने शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ के दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई शीलावंती का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।