बर्तन स्क्रैप गोदाम में विस्फोट, मजदूर घायल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 के पार्ट टू के नजदीक गढ़ी मुंढो के हरि नगर में स्थित स्क्रैप गोदाम में रविवार दोपहर विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि गोदाम में स्क्रैप छटाई का काम रहा मजदूर और सामान के परखचे गोदाम से बाहर सड़क तक पड़े मिले। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्राथमिक जांच में विस्फोट के कारणों को पता नहीं चल पाया है। सीन आफ क्राइम की टीम ने मौके से नमूने बरामद कर जांच के लिए मधुबन प्रयोगशाला भेजे हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के कारणों का पता चल पाएगा।
जगाधरी के दर्शन नगर निवासी नंद किशोर की मटका चौक के पास बर्तनों की दुकान और स्क्रैप का भी काम हैं। इसके लिए उन्होंने हरिनगर में गोदाम बना रखा है। गोदाम में स्क्रैप के अलावा अन्य सामान भी पड़ा हुआ है। इसी गोदाम में गोमती मोहल्ला निवासी बलबीर काम करता है। रविवार को बलबीर गोदाम में स्क्रैप की छटाई कर रहा था, इस दौरान गोदाम में पड़े सामान में जोरदार ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि गोदाम में पड़ा सामान और काम कर रहा बलबीर खून से लथपथ बेसुध अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, और सामान के परखचे दूर दूर तक बिखर गए। विस्फोट की आवाज सुनते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घायल बलबीर को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। आसपास के लोगों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि नजदीक घरों के नींव हिल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना शहर जगाधरी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले में जांच की। मौके पर सीन आफ क्राइम की टीम को भी बुलाया गया। टीम एक्सपर्ट ने विस्फोट के कारणों की जांच की, लेकिन मौके से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिला। प्राथमिक जांच में विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। टीम एक्सपर्ट ने मौके से कुछ टुकड़ों के सैंपल लेकर जांच के लिए मधुबन प्रयोगशाला में भेज दिया। वहीं पुलिस ने गोदाम को सील कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दीवारें हिली तो घर से बाहर दौड़े
गोदाम के पास रहने वाले उदय प्रताप सिंह और अशोक कुमार ने बताया कि उनके घर के नजदीक ही गोदाम बना है। रविवार दोपहर धमाके की आवाज के साथ उनके घरों की दीवारें तक हिल गईं। धमाके की आवाज को सुनकर वह तुरंत घर से बाहर दौड़े आए। उन्होंने देखा कि गोदाम के बाहर लोगों की भीड़ लगी है और गोदाम में काम करने वाला बलबीर सड़क पर बेसुध पड़ा हुआ है।
पिस्टन से स्क्रेप सीधा करने हुए विस्फोट होने की आशंका
गोदाम मालिक नंद किशोर का कहना है कि काफी समय से उनका स्क्रेप का गोदाम है। वह बलबीर को मजदूरी पर गोदाम की सफाई के लिए बुलाया था। बर्तनों का स्क्रैप सीधा करने के लिए पिस्टन का प्रयोग करते हैं। आशंका है कि जिस समय पिस्टन से स्क्रैप को सीधा किया गया, उसी समय बर्तन के स्क्रैप में विस्फोट हुआ हो। इससे ज्यादा उनको कोई जानकारी नहीं है। मजदूर को उपचार दिलाया जा रहा है।
बॉक्स
नहीं होते सुरक्षा के कोई इंतजाम
स्क्रैप या कबाड़ के गोदाम में विस्फोट होने की जिले में पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब कुछ साल पहले बिलासपुर में कबाड़ के गोदाम में जोरदार विस्फोट हुआ था। बावजूद इसके ऐसे गोदामों पर सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं होते। ना तो गोदामों पर अग्निशमन यंत्र है और ना ही यहां काम करने वालों पर सुरक्षा उपकरण। जानकारों की माने तो ऐसे स्थानों पर बंद बर्तन और डिब्बों में गर्मी के चलते गैस का दबाव बढ़ने से वह विस्फोट के साथ फट जाता है। यह विस्फोट व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित होता है।
गोदाम में विस्फोट होने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे। जांच में उनको वहां से कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली जो विस्फोटक हो। सीन आफ क्राइम की टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई है। टीम ने मौके से कुछ नमूने लेकर जांच के लिए मधुबन प्रयोगशाला में भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के कारणों का पता चल पाएगा।
सचिन कुमार, एसएचओ, थाना शहर जगाधरी।