शीतल कॉम्प्लेक्स में हरियाणवी फिल्म के लिए ऑडिशन शुरू
-हरियाणा के ऑनर किलिंग पर बेस्ड होगी फिल्म ‘हाय मेरा दिल’
-नील कमल फिल्म प्रोडक्शन द्वारा करवाए गए ऑडिशन
-पहले दिन 35 युवा कलाकारों ने ऑडिशन में आजमाई किस्मत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नील कमल प्रोडक्शन की ओर से शनिवार को हरियाणवी फिल्म ‘हाय मेरा दिल’ के लिए शीतल कॉम्पलेक्स में ऑडिशन शुरू हुए। फिल्म के लिए ऑडिशन एक अक्टूबर तक चलेंगे, इसमें जिले के सभी थिएटर आर्टिस्टों और कलाकारों को मौका दिया जाएगा। शनिवार को लीड रोल के लिए ऑडिशन में 35 कलाकारों ने अपनी किस्मत आजमाई। इसमें से तीन को सेलेक्ट किया गया। फिल्म प्रोड्यूसर वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह हरियाणवी फिल्म ऑनर किलिंग की सत्य घटना पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में जिस तरह अंतररजातीय विवाह करने पर लोग ऑनर किलिंग करने से पीछे नहीं हटते। फिल्म के माध्यम से समाज के इसी भयावह चेहरे के पीछे छुपी पीड़ा को उजागर किया जाएगा। वीरेंद्र ने बताया कि फिल्म की अधिकतर शूटिंग हरियाणा के रोहतक, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और अंबाला में होगी। इसके अलावा फिल्म के इंटरवल के बाद की शूटिंग मुंबई में की जाएगी। फिल्म में लगभग दर्जन भर बड़े कलाकारों को मौका दिया जाएगा। जल्द ही फिल्म की शूटिंग शुरू की जाएगी। फिल्म निर्माण में भूपेंद्र शर्मा, सोनू शर्मा, रिंकू दलाल व आशू चौधरी का विशेष सहयोग रहेगा।