क्लीनिक पर दांत निकलवाने गई नाबालिग से डॉक्टर ने की छेड़छाड़, केस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जनता कॉलोनी पुलिस चौकी ने एक दंत चिकित्सक के खिलाफ नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने का केस दर्ज किया है। बच्ची अपना दांत निकलवाने उसके क्लीनिक पर गई थी। डॉक्टर की करतूत के बारे में बच्ची ने परिजनों को बताया तो मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस का कहना है कि 11 वर्षीय एक किशोरी मंगलवार शाम पांच बजे अपने दादा के साथ राखी डेंटल क्लीनिक पर गई थी। यहां दांत के दर्द के चलते डॉक्टर से इलाज कराना था। डॉक्टर ने उसका दांत निकाल दिया। इसके बाद बच्ची के लिए ठंडा लाने के बहाने मुझे बाहर भेज दिया। वापस आया तो बच्ची सहमी हुई मिली। क्लीनिक पर उसने कुछ नहीं बताया। घर जाकर पूछा तो उसने कहा कि क्लीनिक के चिकित्सक अजीत ने उससे अभद्रता और छेड़छाड़ की। इस बारे में किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी दी। यह पता लगने पर अपनी पोती के साथ वापस सुनारिया चौक आया। पुलिस कंट्रोल रूम व महिला हेल्प लाइन पर शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर डॉक्टर अजीत के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।