अमर उजाला इंपेक्ट
पुलिस ने नशीले पदार्थ की बिक्री करने वालों की तलाश में की छापेमारी, एक महिला गिरफ्तार
- एसपी ने डीएसपी से लेकर एसएचओ व अन्य पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर दिए नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश
- विशेष टीम का किया गठन, 25 महिलाकर्मी भी टीम में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पुलिस ने नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले इंद्रा कॉलोनी व खोखरा कोट में रह रहे कुछ लोगों की तलाश में छापेमारी की। एक महिला को 55 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा एसपी ने पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नशीले पदार्थ की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में 25 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एसपी ने कहा कि यदि पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से बिक्री की बात सामने आती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अमर उजाला ने 23 मई के अंक में पुलिस चौकी से 150 कदम की दूरी पर सरेआम बिक रहे अफीम, गांजा और चरस नामक शीर्षक से स्टिंग प्रकाशित किया था। जिसमें शहर के खोखरा कोट व इंद्रा कॉलोनी में चरस, अफीम व गांजे की बिक्री का खुलासा किया गया था। बुधवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने डीएसपी रोहताश, एसएचओ सिटी जगबीर सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की बैठक ली। बैठक में खोखरा कोट व इंद्रा कॉलोनी में नशीली वस्तुओं की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए। कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएचओ सिटी जगबीर का कहना है कि एसपी के निर्देश पर इंद्रा कॉलोनी, खोखरा कोट में छापेमारी की गई। इंद्रा कॉलोनी से बिमला को 55 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि अन्य महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि महिलाओं द्वारा अत्यधिक संख्या में नशीले पदार्थ की बिक्री की सूचना मिली है। जिस पर टीम में 25 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगी। किसी भी क ीमत पर नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
---
अमर उजाला से कॉल कर आरोपियों के नाम पूछते रहे एसएचओ
खबर प्रकाशित होते ही पुलिस में खलबली मच गई। एसएचओ जगबीर अमर उजाला के पास कॉल कर धंधे में जुड़े लोगों के नाम पूछते रहे। हालांकि बाद में एसपी के निर्देश पर छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया। मगर अभी काफी संख्या में परिवार नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। जिन पर शिकंजा कसना जरूरी है।
--
मुझे गोपनीय रूप से करें शिकायत, तुरंत होगी कार्रवाई
एसपी ने कहा कि वह खुद नशीले पदार्थ की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसने को लेकर गंभीर हैं। अब तक 20 से अधिक को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी शहर में किसी भी स्थान पर नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है तो तुरंत सूचना दें, कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
---
कई बार हमला कर चुके हैं आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले आरोपी कई बार पूर्व में छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमले कर चुके हैं। हमलावरों में महिलाएं अधिक संख्या में शामिल रहती हैं। यहंी कारण है कि इस बार एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक संख्या में टीम में शामिल किया है।
--
एक को पकड़ने से कुछ होने वाला नहीं
सिटी पुलिस इंद्रा कॉलोनी से एक आरोपी महिला को पकड़कर खुद की पीठ थपथपा रही है। मगर अभी इस धंधे से जुड़े कई लोग जुड़े हैं। जिन पर शिकंजा कसना जरूरी है। नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों से पुलिस की भी मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। एसपी ने भी ऐसे पुलिसकर्मियों की जांच शुरू करा दी है।