उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में सेंध, काफिले में घुसी सांसद की कार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू की सुरक्षा में रविवार को सेंध लग गई। आईआईएम जा रहे उनके काफिले में एक अन्य कार भी शामिल हो गई। काफिले में अतिरिक्त कार देख अलर्ट हुए सुरक्षा अधिकारियों ने उसे रुकवा लिया। कार सांसद एवं सेवानिवृत्त थल सेना जनरल डीपी वत्स की थी। उनकी कार पर लगे अशोक स्तंभ के निशान के चलते असमंजस की स्थिति बनी।
रविवार को उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से रोहतक पहुंचे। बाबा मस्तनाथ विवि में बने हैलीपैड से वे कार के जरिए सुनारिया स्थित आईआईएम पहुंचे। यहां से लौटते समय एक कार उनके काफिले में घुस गई। काफिले में कारों की संख्या बढ़ी देख सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पड़ताल की गई तो एक संदिग्ध कार को एक तरफ रुकवाया गया। इसमें राज्य सभा सांसद डीपी वत्स सवार थे। सुरक्षा अधिकारियों ने काफिले में इस तरह घुसने को लेकर चालक को फटकार लगाई व भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया। सांसद की कार पर अशोक स्तंभ का चिह्न होने के चलते असमंजस की स्थिति बनी ओर अतिरिक्त कार काफिले में जा घुसी। हालांकि किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने इस तरह की घटना से इनकार किया है।