रोहतक। सिविल लाइन थाने से चंद कदम की दूरी पर प्रेम नगर चौक से दिनदहाड़े बैग लिए छात्र क ा कार सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र और अपहरणकर्ताओं को तलाश किया पर देर रात तक उनका कोई पता नहीं लग सका। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
जसिया के रहने वाले विशाल नाम के छात्र ने पुलिस को सूचना दी कि वह डीएन सिटी स्कूल के पास से मेडिकल मोड़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही प्रेम नगर चौक के पास पहुंचा तो देखा की तीन कार सवार युवक बैग और हाथ में खाने का टिफिन लिए छात्र को जबरदस्ती कार में डाल रहे हैं। वह काफी चिल्ला रहा था। इसके बाद वे छात्र को लेकर चले गए। सिविल लाइन थाना एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि तीन युवकों ने किसी छात्र का अपहरण किया है। छात्र कौन था, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात में केस दर्ज किया गया है।
---
मैंने खुद दी थी पुलिस को सूचना
पुलिस को सूचना देने वाले जसिया के विशाल ने बताया कि जिस समय वह मेडिकल मोड़ के लिए गुजर रहा था। उसी समय वारदात को अंजाम दिया गया। छात्र कौन था, क्यों उसका अपहरण किया गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है।
--
पुलिस को दी कड़ी चुनौती
थाने से चंद कदम की दूरी पर ही छात्र का अपहरण कर आरोपियों ने सिविल लाइन थाना पुलिस को कड़ी चुनौती दी है। जबकि सिविल लाइन थाने से थोड़ा आगे भी ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए खड़ी रहती है। हालांकि, पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने की बात कही है।
पुलिस में मच गया हड़कंप
दिनदहाड़े छात्र के अपहरण से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डीएसपी और एसपी ने भी पुलिसकर्मियों को अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलेभर में अपहरणकर्ताओं की तलाश में विशेष अभियान चलाया गया।
थाने के पास हो रहा अपहरण, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
रोहतक। शहर में कार सवार अपहरण कर रहे हैं पर पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है। इसको लेकर लोगों में पुलिस के प्रति भी आक्रोश है। पुलिस की कार्यशैली भी कुछ हद तक सवालों के घेरे में है।
शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्तम प्रेम नगर चौक के पास से कार सवार तीन युवकों ने छात्र का अपहरण कर लिया। वहीं बीती एक फरवरी को भी अज्ञात कार सवारों ने एक युवक का शहर के तिलकनगर से अपहरण कर लिया था। यही नहीं अपहरण कर युवक की दिल्ली में ले जाकर हत्या कर दी थी। शनाख्त चमारिया गांव के किसान के बेटे हरीश के रूप में हुई थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में बाद में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया था।