जमीन लीज पर लेकर पॉली हाउस बनाने के बहाने 18 लाख रुपये की सब्सिडी हड़पी
- आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके लगाया चूना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एक किसान से उसकी जमीन लीज पर लेकर सरकारी फर्म हरियाणा स्टेट डेवलपमेंट हॉर्टिकल्चर एजेंसी के 18 लाख हड़प लिये। आरोपियों ने बागबानी लगाने के लिए पॉली हाउस बनाने के नाम पर सब्सिडी ली थी। मगर जांच में सामने आया कि मौके पर कोई पॉली हाउस था ही नहीं। इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
दरअसल, हरियाणा स्टेट डेवलपमेंट हॉर्टिकल्चर एजेंसी के डिस्ट्रिक्ट हॉर्टिकल्चर मिशन इंप्लीमेंटेशन के तहत बागबानी के लिए सब्सिडी दी जाती है। गांव जसिया निवासी राजपाल सिंह ने विभाग को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि रणदीप और सुधीर सांगवान ने उनकी जमीन 10 साल के लिए लीज पर ली थी। इसके एवज में दोनों को राजपाल सिंह को एकड़ के हिसाब से प्रत्येक वर्ष 35 हजार रुपये देने थे। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष लीज की रकम में 7 प्रतिशत बढ़ोत्तरी की बात तय हुई थी। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने अपने नाम से फर्जी खाता खोलकर हरियाणा स्टेट डेवलपमेंट हॉर्टिकल्चर एजेंसी से 18 लाख रुपये की सब्सिडी ले ली। दोनों ने जमीन पर नेट हाउस बनाना शुरू कर दिया।
मामला संदिग्ध होने के कारण एजेंसी के संयुक्त निदेशक रणबीर सिंह के नेतृत्व में जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके किसान राजपाल सिंह के नाम पर एजेंसी से पॉली हाउस के लिए सब्सिडी जारी करवा ली। आरोपियों ने दस्तावेजों पर राजपाल सिंह के फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिये। इस संबंध में राजपाल को कोई भी जानकारी नहीं थी। इतना ही नहीं जब अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की तो वहां कोई पोली हाउस नहीं मिला। आरोपियों ने केवल सब्सिडी की रकम हड़पने के लिए ही पूरी साजिश रची थी। बाद में विभाग की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।