संशोधिअमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। दिल्ली रोड स्थित जाट कॉलेज के सामने स्थित ईशान होटल में मौजूद बीए के छात्र ने खुद को होटल मालिक बताया तो हथियारों से लैस दो हमलावरों ने उस पर फायर कर दिया। सुबह करीब पौने 5 बजे होटल की तीसरी मंजिल पर आए हमलावरोें ने वहां मौजूद बीए के छात्र से पूछा कि होटल मालिक आशीष कहा है, जिस पर छात्र ने कह दिया कि वह ही आशीष है और इतना बोलते ही उस पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली दरवाजे पर लगी जिससे छात्र ने भागकर अपनी जान बचाई। बीए का छात्र होटल मालिक आशीष का दोस्त था। होटल एमडीयू के पास लगे पुलिस नाके से मात्र 50 कदम की दूरी पर स्थित है। मात्र तीन मिनट के अंदर फायरिंग कर और होटल बंद न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी मोखरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। इस दौरान पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
सोनीपत जिले के मदीना निवासी प्रवीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जाट कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। कॉलेज के पास ही दिल्ली रोड पर एमडीयू के पास ईशान होटल में अपने दोस्त गद्दीखेड़ी के आशीष के साथ रहता है। शनिवार की सुबह करीब चार बजे होटल का दरवाजा खोलकर आशीष टहलने के लिए चला गया था। इसी बीच सुबह करीब 4 बजकर 49 मिनट पर लिफ्ट के सहारे दो युवक होटल पहुंचे। दोनों ने उससे पूछा कि क्या वह होटल मालिक आशीष है, जिस पर प्रवीण ने खुद को होटल मालिक होने की बात कहीं। आरोप है कि एक आरोपी ने होटल चलाना सिखाते हैं, कहते हुए उस पर फायरिंग कर दिया। किसी तरह उसने कमरे में घुसकर जान बचाई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों आरोपी होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि दो आरोपी हाथ में पिस्तौल लिए घूम रहे हैं। 4 बजकर 49 मिनट पर लिफ्ट के सहारे होटल में पहुंचते हैं तथा तीन मिनट के अंदर ही फायरिंग कर सीढ़ियों से फरार हो जाते हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी।
होटल मालिक की शिकायत पर तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- गरिमा, इंस्पेक्टर, थाना पीजीआईएमएस
पूर्व में भी होटल में आ चुके हैं आरोपी
पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाले आरोपी पहले भी होटल में आ चुके हैं। हमलावर होटल मालिक को क्यों मारने चाहते थे? पुलिस इसकी जांच में जुटी है। पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
तीनों सीआईए भी मामले की जांच में जुटी
तीनों सीआईए भी मामले की जांच में जुट गई है। एसपी के निर्देश पर तीनों सीआईए को भी आरोपियों को पकड़ने में लगाया गया है। सीआईए के अधिकारियों ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।