अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। वाराणसी से पंजाब के बठिंडा इंटरव्यू देने जा रही महिला का आभा तूफान एक्सप्रेस से पर्स चोरी हो गया। इसमें महिला की मार्कशीट, डिग्रियों व करीब 7 हजार रुपये थे। चलती ट्रेन में बैग के चोरी होने की जानकारी होने पर दंपती रोहतक स्टेशन पर उतरा और जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज करके सराय रोहिल्ला जीआरपी के पास भेज दी है।
वाराणसी के चोलापुर निवासी संजीव कुमार पुत्र शंकर देव ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी डा. निवेदिता राय को बठिंडा इंटरव्यू दिलवाने के लिए उद्यान आभा एक्सप्रेस से जा रहा था। उन्होंने बताया कि बैग के अंदर दस्तावेज व नकदी की फाइल रखी हुई थी। बहादुरगढ़ निकलने के बाद जब बैग को सामान निकालने के लिए खोला तो उसके अंदर से फाइल रखा पर्स गायब था। उन्होंने बताया कि फाइल में हाईस्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की मार्कशीट, पीएचडी आदि की डिग्रियां, एटीएम कार्ड के साथ-साथ सात हजार रुपये थे। जीआरपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दंपती वाराणसी लौट गया। इस मामले की रिपोर्ट शून्य पर दर्ज करके सराय रोहिल्ला जीआरपी के पास भेज दी गई है।