ब्रेक फेल होने पर डिवाइडर से टकराई पिकअप, महिलाओं सहित 15 सवारी घायल
पानीपत से सुखपुरा चौक पर महिला की सत्रहवीं में शामिल होने आ रहे थे रिश्तेदार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मकड़ौली टोल प्लाजा के पास बुधवार सुबह सवारियों से भरी पिकअप गाड़ी के ब्रेक फेल होने पर डिवाइडर से जा टकराई। एक्सेल टूटने के बाद गाड़ी डिवाईडर से टकराने के बाद रुक गई। हादसे में पानीपत के गांव सौदापुर निवासी महिलाओं सहित करीब 15 सवारी घायल हो गई। घायलों को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पानीपत के गांव सौदापुर निवासी निर्मला देवी की सुखपुरा चौक निवासी सत्यवान के घर रिश्तेदारी है। कुछ दिन पहले सत्यवान की माता का निधन हो गया था। सत्यवान की माता की बुधवार को सत्रहवीं थी। इस पर निर्मला देवी अपने परिवार सहित राजकुमार, बतेरी देवी, गुड्डी देवी, राजेंद्र और बीस अन्य रिश्तेदारों के साथ राकेश की पिकअप गाड़ी से सत्यवान के घर आ रहे थे। निर्मला के एक रिश्तेदार ने बताया कि जब वह पानीपत रोहतक हाईवे स्थित मकड़ौली टोल प्लाजा से कुछ आगे पहुंचे तो अचानक गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए। स्पीड ज्यादा होने के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं पा सका। इस कारण गाड़ी सीधा डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर लगने के बाद जब गाड़ी का एक्सेल टूटा तो गाड़ी रुक गई। टक्कर लगने के कारण गाड़ी में सवार कई महिलाएं सड़क पर जा गिरी जबकि अन्य गाड़ी के अंदर ही चोटिल हो गये। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। हादसे में गाड़ी के चालक को भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत में सुधार है।