हरियाणवी सिंगर को दी दुष्कर्म की धमकी
- मोबाइल पर मिली दुष्कर्म और अश्लील फोटो इंटरनेट पर डालने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
शहर की रहने वाले एक हरियाणवी गायिका को उसके मोबाइल पर दुष्कर्म और अश्लील फोटो इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी मिली है। आरोपी ने गायिका को स्टेज पर न आने की भी धमकी दी गई है। इस संबंध में अनाज मंडी पुलिस चौकी में हिसार की महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गायिका ने बताया कि वह 31 दिसंबर को घर पर थी। इसी बीच रात करीब सवा नौ बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने बताया कि वह बहादुरगढ़ का रहने वाला है लेकिन उसने खुद का नाम नहीं बताया। इसके बाद आरोपी ने गायिका के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि यदि घर से बाहर आई तो दुष्कर्म कर देगा। आरोपी यही नहीं रुका उसने गायिका को धमकी दी कि यदि कोई भी स्टेज शो किया तो कपड़े फाड़कर अश्लील फोटो बना लेगा और उसको इंटरनेट पर अपलोड कर देगा। पूरा मामला सामने आने के बाद गायिका पुलिस के पास गई। गायिका का आरोप है कि उसे हिसार की रहने वाली एक गायिका के कहने पर धमकी दी जा रही है। उसने आरोपी युवक के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है। गायिका का कहना है कि आरोपी कई महीनों से फोन करके उसे परेशान कर रहा है। मामले में अनाज मंडी चौकी प्रभारी सुखवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सुमित दलाल और गौरी रानी पर एससीएसटी एक्ट और छेड़छाड़ का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पड़ताल के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।