अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
तेज गति से चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे चल रहा कैंटर उससे भिड़ गई। झज्जर बाइपास ओवरब्रिज जलेबी चौक के पास हुए इस हादसे मेें कैंटर सवार दो चचेरे भाईयों की मौत हो गई। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार के अंबेडकर नगर निवासी नवीन ने बताया कि वह पेशे से फोटोग्राफर है। नवीन अपनी स्कू टी पर सवार होकर किसी काम से दिल्ली बाईपास की तरफ जा रहा था। जब वह झज्जर बाइपास फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो एक ट्रक तेज गति से दिल्ली की तरफ जा रहा था। उसके पीछे कैंटर गाड़ी चल रही थी। नवीन का कहना है कि अचानक ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिये। इससे पीछे चल रहा कैंटर ट्रक से भिड़ गया। तेज टक्कर लगने से कैंटर में सवार दो व्यक्तियों मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बाद में आसपास के लोगों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। कैंटर का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। ट्रक और कैंटर के बीच फंसने के कारण दोनों युवकों की मौत हुई।
पंजाब से दिल्ली जा रहा था कैंटर
जांच पड़ताल के दौरान मृतकों की पहचान भटिंडा स्थित संजय नगर कालोनी निवासी 43 वर्षीय मदनलाल और 29 वर्षीय गौरव के रूप में हुई। तभी पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि मदनलाल और गौरव दोनों चचेरे भाई है। वह कैंटर में प्लास्टिक का कबाड़ भरकर दिल्ली में बेचने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।