कार वर्कशॉप में घुसे चोर, सीसीटीवी में कैद
: पड़ोसियों से सूचना पाकर पहुंचे वर्कशॉप मालिक व पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। चाणक्यपुरी स्थित बाला जी वर्कशॉप में घुसकर चोरों ने बड़ी वारदात अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पड़ोसियों द्वारा सूचना देने के बाद चोर नकदी, स्टोरियो और अन्य सामान ही ले जाने में कामयाब रहे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सल्लारा मोहल्ला निवासी राजकुमार ने शिकायत दी है कि दो दिसंबर की रात काम पूरा होने के बाद घर आ गया। रात करीब साढ़े 11 बजे पड़ोसियों ने सूचना दी कि वर्कशॉप के अंदर चोर घुसे हुए हैं। तुरंत उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंच गए। जांच में पता चला कि चोरों ने ईंट मारकर ताले तोड़ने का प्रयास किया। सर्विस के लिए आई सेंट्रो कार का दरवाजा खुला मिला। अंदर से गाड़ी के कागजात और 4500 रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा सफारी गाड़ी का स्टोरियो चोरी मिला, जबकि बैटरी को निकालने का प्रयास किया गया था। छानबीन के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में एक व्यक्ति साफ नजर आ रहा है, जिसे वे जानते हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।