हेड कांस्टेबल को राहगीर समझ लूटने का प्रयास किया तो सीआईए ने दबोचे दो बदमाश
एक वारदात कबूली, पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर आजाद नगर के पास की घटना
दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया
रिमांड में आरोपियों से अन्य वारदातों को खुलासा होने की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सीआईए-2 ने जाल बिछाकर पश्चिमी यमुना नहर किनारे डकैती की योजना बनाने वाले दो बदमाशों को दबोच लिया। गुप्त सूचना पर सीआईए टीम द्वारा एक हेड कांस्टेबल को राहगीर बनाकर भेजा गया। जब दोनों बदमाशों ने उसे लूटने का प्रयास किया तो सीआईए पुलिस ने दबिश देकर उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीन माह पूर्व साढौरा में महिला से नौ हजार की नकदी, एटीएम व मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया।
सीआईए-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर आजाद नगर के पास दो बदमाश डकैती की योजना बना रहे है। आरोपियों को पकड़ने के लिए उन्होंने योजना बनाई। योजना के तहत सीआईए के सब इंस्पेक्टर मोहन लाल के नेतृत्व में एएसआई अशोक राठी, हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश, बीरबल, आजाद, कुलदीप व नरेश कुमार की टीम का गठन किया गया। टीम ने हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश को फर्जी राहगीर बनाकर पश्चिमी यमुना नहर किनारे भेजा। जब हेड कांस्टेबल नहर किनारे बुधवार रात करीब दस बजे पैदल आजाद नगर की तरफ चलता रहा। जब वह आजाद नगर में गली नं. चार के नजदीक पहुंचा, तो नहर किनारे लूट की नीयत से बैठे दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों के पास सरिया व अन्य हथियार थे। हेड कांस्टेबल ने तुरंत टीम को इशारा किया। इशारा पाते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों बदमाशों को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पुराना हमीदा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ राजा व शम्मी उर्फ काका के रूप में हुई। आरोपियों के पास से एक सरिया और टार्च बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर गिरफ्तार किया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया गया।
तीन माह पहले साढौरा में हुई वारदात कबूली :
सीआईए इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने तीन महीने पहले साढ़ौरा क्षेत्र में हुई महिला का पर्स छीनने की वारदात कबूली। साढौरा में करीब एक माह पहले एक महिला बाजार से जा रही थी। दोनों आरोपियों ने महिला के हाथ से पर्स छीन लिया और पर्स छीनते ही फरार हो गए। यह मामला साढौरा थाने में दर्ज है। आरोपियों ने रिमांड के दौरान इस वारदात को करना कबूल किया है। महिला के पर्स में 9500 रुपये, एटीएम व अन्य दस्तावेज थे।
वर्जन
अन्य वारदातों को खुलासा होने की संभावना :
इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है। संभावना है कि रिमांड के दौरान अन्य वारदातों का खुलासा होगा। दोनों आरोपी जल्द अमीर बनना चाहते थे। इसी लालच के चलते ही उन्होंने अपराध की दुनिया में कदम रखा।
फोटो : 07