अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जिले में छेड़छाड़ के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिले भर में बुधवार को तीन अलग अलग जगहों पर महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले सामने आये। इस संबंध में महिला थाने में केस दर्ज किये गये हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गरनावठी निवासी एक महिला ने बताया कि वह 12 जून को घर पर अकेली थी। इसी बीच गांव का गुड्डू, मोहित और सुमित घुस आए। घर में घुसकर आरोपियों ने महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली गलौच किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी तरह प्रताप नगर में भी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि महिला के ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। इसके अलावा छेड़खानी भी करते हैं। पुलिस ने पांच सदस्यों पर केस दर्ज किया है। ऐसा ही मामला पाड़ा मोहल्ले में सामने आया है। यहां पर एक युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ छेड़खानी की। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ केस दर्ज किया है।