नगर निगम 20 अक्तूबर से शहर में चिह्नित करीब 400 से अधिक गड्ढों को भरवाना शुरू करेगा। इसके लिए सोमवार से टेंडर शुरू हुई और आवंटन 18 अक्तूबर को होगा। कार्य पर करीब 22 लाख रुपये खर्च होंगे।
शहर के 22 वार्डों में कई स्थानों पर सड़क जर्जर हो चुकी है। मार्ग पर गहरे गड्ढे हो चुके हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए पार्षदों ने निगम प्रशासन से गड्ढों को अतिशीघ्र ही भरवाने के लिए कहा था। इस पर निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने 30 अक्तूबर तक प्रत्येक वार्ड में एक-एक लाख रुपये की धनराशि से गड्ढे भरवाने के आदेश दिए हैं। ताकि त्योहार पर लोगों को राहत मिल सके। साथ ही कहा गया कि त्योहार के बाद बारिश का मौसम खत्म हो जाएगा और सड़कों को बनवाया जाए। इसके तहत अधिशासी अभियंता हेडक्वार्टर मनजीत दहिया ने नौ जूनियर इंजीनियर आनंद मित्तल, संदीप कौशिक, संदीप वर्मा, लोकेश, नरेश, हेमंत, सुमित, गौरव व सोनू को अपने-अपने वार्डों के गड्ढों की गिनती और नापजोख करके एस्टीमेट बनाने के आदेश दिए। जूनियर इंजीनियरों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 400 गड्ढे चिह्नित किए गए हैं, जिनको प्राथमिकता के तौर पर भरवाया जाना बेहद जरूरी है। निगम ने सोमवार से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 18 अक्तूबर को आवंटित होंगे।
अधिशासी अभियंता मनजीत दहिया ने बताया कि जूनियर इंजीनियरों ने करीब 400 चिह्नित गड्ढों की सूची दी है। इन्हें भरवाने का काम 20 अक्तूबर से शुरू कर दिया जाएगा। निगम आयुक्त के आदेशानुसार 30 अक्तूबर तक सभी चिह्नित गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।