जिले में भले ही कोरोना से संक्रमित होने वालों का आंकड़ा कम हुआ है, मगर मौत का सिलसिला जारी है। मंगलवार को एक छात्र व दो महिला समेत चार कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे मरने वालों की संख्या 543 हो गई। दूसरी ओर पीजीआईएमएस में ब्लैक फंगस से 12 मरीजों का ऑपरेशन किया गया।
मंगलवार को सेक्टर एक निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से उपचार के दौरान मौत हो गई। चार नए लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 53 हो गई है। वहीं, पीजीआईएमएस में 24 मरीज भर्ती हैं, इनमें से 11 का आईसीयू में उपचार चल रहा है। जिले में संक्रमण दर 5.63 प्रतिशत और रिकवरी रेट 97.68 प्रतिशत पहुंच गई। मंगलवार को जिले में 2100 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाई। वहीं, अब तक जिले में 4,57,411 लोगों ने कोरोना की जांच करवाई, जिनमें से 4,31,508 निगेटिव और 25,777 पॉजिटिव मिले। अलग-अलग केंद्रों से 722 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। पीजीआईएमएस के जनसंपर्क विभाग के कार्यकारी इंचार्ज डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि कोविड-19 ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 24 मरीज में से 11 आईसीयू में भर्ती हैं। वहीं ब्लैक फंगस के 202 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 12 का ऑपरेशन किया गया।