कोरोना की दूसरी लहर में बंद पीजीआईएमएस की ओपीडी 74 दिन बाद 28 जून (सोमवार) को पूरी तरह से खुल जाएगी। इसमें सभी ओपीडी सामान्य दिनों की तरह ही संचालित होंगी। इसका लाभ जिले के अलावा प्रदेशवासियों व दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व राजस्थान के लोगों को भी मिलेगा। संस्थान में हर दिन सात हजार से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं। हालांकि प्रशासन ने कोरोना की गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा गार्डों को जिम्मेदारी सौंपी है।
पीजीआईएमएस ने कोरोना गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए ओपीडी कार्ड बनवाने का समय सुबह आठ से 10 बजे तक तय किया है। इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने पर सरकार ने 22 मार्च को लॉकडाउन लगा दिया था। इस दौरान भी मरीजों की पीजीआईएमएस में आने की संख्या अधिक थी। 29-30 मार्च से पीजीआईएमएस के डॉक्टर कोरोना की चपेट में आने शुरू हो गए। अप्रैल के पहले सप्ताह में जब कई डॉक्टर-नर्स कोरोना संक्रमित हो गए तो पीजीआईएमएस प्रशासन ने ओपीडी बंद करने का फैसला लिया। इसके चलते 15 अप्रैल से ओपीडी को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। महिलाओं, हड्डी रोग, बच्चों और मेडिसिन के रोगियों को परेशानी हुई तो इन पांचों ओपीडी को सीमित संख्या में खोल दिया गया। ओपीडी में अधिक भीड़ न हो इसलिए इसका समय 12 बजे तक का रखा गया। अब कोरोना को लेकर हालात सामान्य होने लगे हैं। इसके चलते 28 जून से पूरी ओपीडी खोलने का फैसला लिया गया है।
इन जगहों पर लगेंगे अतिरिक्त गार्ड
पीजीआईएमएस प्रशासन ने पर्चा बनाने के काउंटर पर भीड़ उमड़ने की वजह से अतिरिक्त गार्ड लगाने का फैसला लिया है। सुबह 10 बजे जब काउंटर बंद हो जाएगा तो यहां लगे अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड को दवा वितरण काउंटर और जांच काउंटरों पर लगाया जाएगा। वहीं, ओपीडी में डॉक्टर रूम के बाहर अतिरिक्त गार्ड लगाए जाएंगे, जो मरीजों के बीच में समुचित दूरी सुनिश्चित करवाएंगे। इसके अलावा डॉक्टर के रूम में सिर्फ एक ही रोगी के जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। ओपीडी के अंदर बिना मास्क किसी को भी प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी।
ट्रॉमा सेंटर में जल्द शुरू किए जाएंगे ऑपरेशन
ट्रॉमा सेंटर को कोरोना महामारी की वजह से कोविड सेंटर बनाया गया है। अब कोरोना के रोगियों की संख्या काफी कम हो गई है। इसके चलते पीजीआईएमएस प्रशासन ने मंगलवार को फैसला लिया है कि भर्ती मरीजों को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद ट्रॉमा सेंटर के ऑपरेशन थियेटर चालू करवा दिए जाएंगे। इससे पुरानी इमरजेंसी में बढ़ा दबाव कम होगा। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो सका है कि ट्रॉमा सेंटर में कब से ऑपरेशन शुरू होंगे।
पीजीआईएमएस की ओपीडी 28 जून से शुरू करवा दी जाएगी। मरीजों की संख्या अधिक न हो इसलिए कार्ड बनाने का समय दो घंटे का रखा गया है। सुबह आठ से दस बजे तक ही ओपीडी कार्ड बनाए जाएंगे। कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के लिए अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड हर जगह तैनात होंगे। कोरोना रोगियों को आईसीयू में शिफ्ट करके ट्रॉमा सेंटर के ऑपरेशन को थियेटर चालू कराए जाएंगे।
- डॉ. रोहताश यादव, निदेशक, पीजीआईएमएस रोहतक