सीसीटीवी में कैद पालिका बाजार में दुकान का शटर तोड़ने वाला संदिग्ध। विज्ञप्ति
रोहतक। शहर के पालिका बाजार में वीरवार की रात फोर व्हीलर में सवार होकर तीन युवक बड़ी वारदात अंजाम देने के इरादे से पहुंचे और हार्डवेयर की दुकान का शटर उखाड़ दिया, लेकिन वाहनों की आवागमन के चलते बिना सामान चुराए लौट गए। पूरा घटनाक्रम सामने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। बाजार के व्यापारियों से पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक गुरुनानकपुरा निवासी विजय चांदना ने दी शिकायत में बताया कि उसकी पालिका बाजार में दो पहिया वाहनों के स्पेयर पार्ट्स की दो दुकानें है। एक दुकान में जहां दोपहिया वाहनों का काम किया जाता है, जबकि दूसरी दुकान को स्टोर के तौर पर प्रयोग करते हैं। वीरवार शाम को अच्छी तरह से दुकान बंद करके गया था। सुबह पड़ोसी हरिओम ने फोन करके बताया कि आपकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। उसे दो फीट तक ऊंचा उठा रखा है। उसने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। दुकान के अंदर से सामान तो चोरी नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। आर्य नगर थाने से एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल की।
.......
16 सेकेंड में शटर उखाड़ा, वाहनों का आवागमन देकर छोटूराम चौक की तरफ चले गए
पुलिस व दुकानदारों ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की। कैमरे में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। 3 बजकर 09 मिनट पर एक युवक शटर उखाड़ देता है। दूसरा युवक साथ दिखाई दे रहा है। थोड़ी देर बाद दोनों युवक फोर व्हीलर में आकर बैठ जाते हैं। इसके बाद 9 बजकर 35 मिनट पर ड्राइवर फोर व्हीलर को छोटूराम चौक की तरफ ले जाता है।
...
बाजार में बढ़ाई जाए गश्त : निझावन
पालिका बाजार के नजदीक आर्य नगर थाना है। इतना ही नहीं गोहाना अड्डे व छोटूराम चौक पर भी पुलिस की गाड़ी खड़ी रहती है। बावजूद इसके वारदात अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस को चाहिए कि पालिका बाजार के अंदर भी गश्त करे, ताकि चोर वारदात करने की हिम्मत न कर सकें।
- गुलशन निझावन, प्रधान पालिका बाजार एसोसिएशन