06-रोहतक में मंगलवार को पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते कां
रोहतक। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक पहुंचकर नारेबाजी की। यहां से लघु सचिवालय पहुंचेे प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी ने कहा कि भाजपा लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर रही है। सरकार ने चार दिन पहले ही पेट्रोल-डीजल के रेट तीन रुपये बढ़ाए थे। अब एक रुपये के करीब बढ़ोतरी और कर दी। इससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। ग्रामीण अध्यक्ष बलवान रंगा ने कहा कि रसोई गैस का दाम बढ़ा दिया गया। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर करीब तीन हजार रुपये है।
प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। रोजगार के नए अवसर युवाओं को देने में सरकार नाकाम साबित हुई है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम भेजे ज्ञापन में केंद्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। चक्रवर्ती शर्मा ने आरोप लगाया कि एनटीए के चेयरमैन प्रदीप कुमार आरएसएस से जुड़े हैं। इन्हें मध्य प्रदेश का एमपीएससी का चेयरमैन भी बनाया गया है।
इन्हीं के समय व्यापम घोटाला हुआ। कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया है। कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते मंगलवार को सोनीपत रोड पर जाम लग गया। भीड़ के कारण चौक के दोनों ओर की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार नजर आई। यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
प्रवेशद्वार कर दिया बंद
लघु सचिवालय की ओर प्रदर्शनकारियों को बढ़ता देख पुलिस ने प्रवेशद्वार बंद कर दिया। कार्यकर्ताओं को बाहर ही रुकना पड़ा। इस बीच दरवाजा खोलने को लेकर जोर आजमाइश हुई। बाद में कुछ लोगों को अधिकारियों से मिलने के लिए अंदर जाने की अनुमति दी गई।