रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) का सेंटर फॉर इंटरनेशनल एकेडमिक अफेयर्स (सीआईएए) 1-2 अप्रैल को इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर रहा है। ''''फॉस्टरिंग ग्लोबल कोलाबोरेशन इन हायर एजुकेशन'''' विषय पर इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षाविद, प्रोफेशनल एक्सपर्ट्स दुनिया भर से भाग लेंगे।
डीन सीआईएए प्रो. ऋषि चौधरी ने बताया कि शिक्षाविद बालिंदर सिंह (यूएसए), प्रो. पवन बुधवार (यूके), प्रो. ओपी धनखड़ (यूएसए), डाॅ. सुमन ग्रेवाल (यूएसए), डाॅ. जोगेंद्र सिंह (यूएसए), हरिंद्र पनेसर (यूएसए), डाॅ. लक्ष्मी (यूके), डाॅ. मंजीत कौर(यूएसए), डाॅ. किरण गुलिया (यूके), डाॅ. गजेंद्र अहलावत (कैनेडा) समेत अन्य शिक्षाविद् संगोष्ठी में भाग लेंगे। संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र एक अप्रैल को सुबह 10 बजे टैगोर सभागार में आयोजित किया जाएगा। पहले दिन दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक विदेश में विद्यार्थियों के शैक्षणिक अवसर पर विशेष सत्र का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में विदेश में शैक्षणिक व शोध अवसरों पर तकनीकी सत्र में मंथन होगा। संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. राजबीर सिंह अध्यक्षता करेंगे।
कुलपति ने कहा कि संगोष्ठी से विश्वविद्यालय के भविष्योन्मुखी ग्लोबल रोड मैप तैयार करने में मददगार मिलेगी। संगोष्ठी से एमडीयू के ग्लोबल ब्रांडिंग का रास्ता प्रशस्त होगा। ब्यूरो