कलानौर। मंडल आयुक्त संजीव वर्मा कलानौर मंडी पहुंचे और किसानों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों से नमी वाली सरसों न लाने का आग्रह किया। इसके साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह किसानों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें।
वर्मा ने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। खरीद कार्यों की रिपोर्ट देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मंडी में अब तक हैफेड 1500 मिट्रिक टन सरसों की खरीद कर चुकी है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वह अपनी फसल को सुखाकर मंडी में लाएं और नमी की मात्रा 8 प्रतिशत से ज्यादा न हो। मंडी अधिकारियों ने बताया कि जो किसान पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं वह गेट पास बनवाकर अपनी फसल को बेच सकते हैं। मंडी में किसानों को दी जा रही भोजन की सुविधा के बारे में भी मंडल आयुक्त ने रिपोर्ट ली। मंडी अधिकारियों ने बताया कि सति भाई साईं सेवा दास सेवा समिति के सहयोग से मंडी में आने वाले सभी किसानों व मजदूरों को निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य और पूर्ति नियंत्रक वीरेंद्र सिंह तथा मंडी सचिव देवेंद्र ढुल आदि मौजूद रहे।