केंद्र की नौकरियों में जाटों के लिए आरक्षण का रास्ता साफ करके
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आगामी चुनावों के लिए तुरुप का पत्ता
अपने हाथ में कर लिया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जाटों को
ओबीसी कैटेगिरी में आरक्षण देने की एनसीबीसी को सिफारिश करने से प्रदेश के
जाटों में खुशी की लहर है। अनेकों खाप पंचायतों और जाट संगठनों ने सीएम का
आभार जताया है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कांग्रेस को लोकसभा और
हरियाणा विधानसभा चुनाव में इसका फायदा जरूर मिलेगा क्योंकि प्रदेश में 60
लाख से ज्यादा जाट हैं।
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा जाट आरक्षण को
हरी झंडी दिखाने के बाद प्रदेश के जाटों में खुशी की लहर है। छोटूराम
धर्मशाला में शुक्रवार को अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक
हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान धर्मपाल हुड्डा ने की। धर्मपाल हुड्डा
ने कहा कि जाट केंद्र सरकार के आभारी हैं।
वहीं जाट भवन में
सर्वखाप पंचायत हुई। पंचायत की अध्यक्षता खाप-84 के अध्यक्ष हरदीप अहलावत
ने की। हुड्डा खाप के कार्यकारी अध्यक्ष रामकरण हुड्डा एवं अन्य सभी खाप
प्रधानों ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा तालकटोरा
स्टेडियम दिल्ली में सभी दूसरे जाट नेताओं को एकजुट कर केंद्र सरकार पर
दबाव बनाने में जो अग्रणी भूमिका निभाई, उसके लिए वे विशेष तौर पर आभारी
रहेंगे।
सर्वखाप पंचायत में दहिया खाप के प्रधान प्रताप सिंह, दलाल खाप के
प्रधान कैप्टन मान सिंह, हुड्डा खाप के कार्यकारी प्रधान रामकर्ण हुड्डा,
हुड्डा खाप के संयोजक इंद्र सिंह, अहलावत खाप के प्रधान जय सिंह अहलावत,
कादियान खाप के प्रधान केदार सिंह कादियान, गहलोत खाप के प्रधान सतबीर
सिंह, अठगामा बोहर के प्रधान बलराज नांदल, किलोई बारह के प्रधान उमेद सिंह
आदि मौजूद रहे।