रोहतक। हाईवे-152 डी पर सीआईए-1 टीम ने मंगलवार को 38.50 लाख रुपये का चूरा पोस्त बरामद होने के बाद आरोपी को 6 दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि मध्यप्रदेश में जहां से चूरा पोस्त ट्रक में लोड किया था, वहां पर कोई भी किसी व्यक्ति का नाम नहीं लेता है।
सभी जसविंदर उर्फ जस्सा को जानते हैं और केवल उसके कॉल आने पर ही माल भर दिया जाता है। हालांकि, इस बार माल भरवाने के दौरान जसविंदर एमपी में गया था। पुलिस अब आरोपी तौसीफ अहमद खान को लेकर मध्यप्रदेश रवाना हो गई है।
सीआईए-1 टीम ने मंगलवार को हाईवे-156 डी से 631 किग्रा चूरा पोस्त बरामद किया था। जम्मू-कश्मीर के बारामूला निवासी आरोपी तस्कर व ट्रक चालक तौसीफ अहमद खान को गिरफ्तार किया था। आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया था और 6 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने मध्यप्रदेश के जिस स्थान से चूरा पोस्त लोड कराया था, उसका नाम नहीं जानता है। वहां के लोगों ने बिना कुछ बोले और आपस में नाम लिए बिना ही ट्रक में पूरा माल लाद दिया था। मजदूरों का एक गुट माल लेकर आया और कुछ ही देर में चढ़ाने के बाद जसविंदर उर्फ जस्सा से बात की और ट्रक को रवाना करा दिया गया। जसविंदर माल लादने के लिए कम ही मौके पर जाता है। उसके कॉल करने से ही माल भर दिया जाता है। अब पुलिस माल भेजने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए गई है।
-
इस गिरोह के सदस्यों को काबू करने के लिए एक टीम मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गई है। उम्मीद है कुछ कामयाबी मिलेगी। उसके आगे ही कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप सिंह, प्रभारी सीआईए-1 रोहतक।