22सीटीके60... पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते एसपी हिमांशु गर्ग। स्रोत: पुलिस
रोहतक। पीटीसी सुनारिया में बुधवार को हरियाणा पुलिस के बैच नंबर-90 की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे। पुलिस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है।
किसी तरह की अव्यवस्था न हो इसके लिए सोमवार को उन्होंने अधिकारियों संग बैठक की और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है।
एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि सबसे पहले पासिंग आउट परेड की रिहर्सल की गई। इसके बाद तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। पासिंग आउट परेड कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रहेंगे। उनके साथ पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, एडीजी केके राव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसलिए वीवीआईपी के आने से पूर्व सभी अधिकारी और रंगरूटों के परिजन-रिश्तेदार आदि को पहले ही कार्यक्रम में पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था के पुख्ता बंदोबस्त कर लिए है। पासिंग आउट परेड के दौरान वीवीआईपी, जवानों के परिजन,अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एसपी ने बताया कि वीआईपी लोगों और अधिकारियों के लिए एमटी ग्राउंड तो ड्यूटी पर तैनात स्टाफ एवं जवानों के परिजनों व आमजन के लिए गोल्फ ग्राउंड में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जबकि मीडिया के लिए प्रशासनिक भवन स्थित पार्किंग में व्यवस्था की गई है।
ई-पुस्तकालय से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ -केके राव
रोहतक। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल सुनारियां में सोमवार को पुलिस महानिदेशक रोहतक रेंज कृष्ण कुमार राव (केके राव) ने फीता काटकर ई-पुस्तकालय की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी सभी सुविधाओं से लैस है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। ई- लाईब्रेरी आज के युग की मांग है और सुनारिया में पुलिस की ओर से ई-लाईब्रेरी समय रहते शुरू की गई है। इसके बाद अधिकारियों ने पौधरोपण किया और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हर साल कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए। इस मौके पर डीआईजी सुनारिया शिवचरण, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रवि खुंडिया, स्कूल प्रधानाचार्या रीना हरजाई आदि मौजूद रहे।