रोहतक। डाइट मदीना में आयोजित टीएलसी संबंधी प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। इसमें 445 टीजीटी अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया गया। डाइट प्राचार्य वीरेंद्र मलिक ने विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का जायजा लिया। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अध्यापकों से ट्रेनिंग आधारित विभिन्न प्रश्न पूछे व उनकी अभिरुचि व अभिप्रेरणा का स्तर जांचा।
शिविर के अंतिम दिन प्राचार्य वीरेंद्र मलिक व प्रवक्ता भूपेंद्र सांगवान ने प्रतिभागियों का फीडबैक लिया। 9 सितंबर को डाइट मदीना में जिले के सभी ब्लॉक से प्रिंसिपल व हेडमास्टर के लिए टीएलसी प्रशिक्षण शिविर भी प्रारंभ हुआ। यह शिविर विभिन्न सत्रों में 12 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत 181 प्राचार्य या स्कूल हेड प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त पांच दिवसीय ई-कंटेंट डेवलपमेंट ट्रेंनिंग का दूसरा बैच भी आरंभ हुआ। इसमें 80 पीआरटी व पीजीटी अध्यापकों ने भाग लिया। शिविर का शुभारंभ डाइट प्राचार्य ने किया। प्रशिक्षण शिविर के ओवरऑल इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण की विशेषता यह है कि इसमें नई शिक्षा नीति के अनुसार आईसीटी आधारित नवीनतम एप ई कंटेंट की जानकारी शामिल की गई है। शिविर में मास्टर ट्रेनर अनिल कौशिक, डॉ. अलका मदान, उर्मिला, प्रीति, पूनम, सुशीला शामिल रहे। डाइट की तरफ से डॉ. सुमन, डॉ. मंजीत, कुलबीर ने प्रशिक्षण शिविर के आयोजन में विशेष योगदान दिया।