आईजी ऑफिस से उपद्रव के दिन की सीसीटीवी फुटेज गायब हो गई है। पुलिस अधिकारी कई दिनों से इस विषय पर गुपचुप चर्चा कर रहे थे, हालांकि शनिवार को नए आईजी संजय कुमार को भी इसकी खबर लग गई। इसके बाद आईजी ने ऑफिस के पूरे स्टाफ को बुलाकर हिदायत दी है कि बिना उनकी अनुमति के ऑफिस में पत्ता भी नहीं हिलेगा। अब आईजी खुद इस मामले की जांच करेंगे।
सूत्रों की मानें तो फुटेज में आईजी ऑफिस में उपद्रवियों के घुसने और आगजनी करने का पूरा वाकया कैद था। इसके बाद ही पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी। आईजी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज चोरी होने की सूचना मिली जरूर है लेकिन अभी मामले की जांच की जा रही है। पूरे स्टाफ की बैठक कर जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
पहले पुलिसिंग उसके बाद अन्य सेवाआईजी संजय कुमार ने निलंबित आईजी श्रीकांत जाधव के गौसेवा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने या स्थगित करने से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि मेरा फोकस सिर्फ और सिर्फ बेहतर पुलिसिंग पर होगा। गश्त व्यवस्था बेहतर होने के बाद अन्य कार्यों के बारे में विचार किया जाएगा। गौ सेवा से जुड़े पूरे कार्य की स्टडी के बाद ही कोई पहल होगी।
लंबे समय से डटे अधिकारियों पर गिर सकती है गाजजिले के कई पुलिस अधिकारी लंबे समय से रोहतक में डटे हैं। आईजी के अनुसार उन्हें सूचना मिली है कि ये अधिकारी उपद्रव के दौरान राजनीति में संलिप्त रहे हैं। इन सभी को चिह्नित कर उनके तबादले किए जाएंगे।